home page

गुरुग्राम: भाजपा हरियाणा में बिगाडऩा चाहती है भाईचारा: भूपेंद्र सिंह हुड्डा

 | 
गुरुग्राम: भाजपा हरियाणा में बिगाडऩा चाहती है भाईचारा: भूपेंद्र सिंह हुड्डा


-बोले, राहुल गांधी किसानों, मजदूरों और महिलाओं की हैं आवाज

गुरुग्राम, 08 मई (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरियाणा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के भाईचारा को बिगाडऩे का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस कभी भी भाजपा को कामयाब नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने देश व प्रदेश के किसानों, महिलाओं, युवाओं को भाजपा के तीन काले कानूनों से बचाने का काम किया है। इससे पहले उन्होंने गुरुग्राम पहुंचने पर राहुल गांधी का हरियाणा की जनता की तरफ से स्वागत किया। वे शुक्रवार को यहां पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह की सद्भाव यात्रा की जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

इस मौके पर कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी हरि प्रसाद, राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला, सद्भाव यात्रा निकाल रहे पूर्व सांसद बृजेंद्र सिंह, विधायक, गुरुग्राम शहरी जिला अध्यक्ष पंकज डावर एवं कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पूर्व सीएम हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी का हरियाणा से विशेष लगाव है और हरियाणा के लोग उन्हें बेहद प्यार करते हैं। हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी हमेशा किसानों, मजदूरों और महिलाओं के हितों की लड़ाई लड़ते रहे हैं और हरियाणा में आकर किसानों के घर भोजन कर उनके दुख-दर्द को समझने का काम करते हैं।

भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा द्वारा लाए गए तीन काले कृषि कानूनों का राहुल गांधी ने पुरजोर विरोध किया, नहीं तो देश का किसान बर्बाद हो जाता। उन्होंने कहा कि किसानों को एमएसपी की कानूनी गारंटी नहीं मिल रही है और राहुल गांधी लगातार किसानों की आवाज संसद से सडक़ तक उठा रहे हैं। महिला आरक्षण के मुद्दे पर भाजपा को घेरते हुए हुड्डा ने कहा कि भाजपा ने महिलाओं को सिर्फ धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने पंचायती राज व्यवस्था लागू कर महिलाओं को आरक्षण देने का ऐतिहासिक काम किया था, जबकि भाजपा ने महिला आरक्षण बिल पास तो कराया लेकिन उसे लागू नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा अब संशोधन बिल लेकर आई है, जिससे महिलाओं को कोई वास्तविक लाभ नहीं मिलेगा। हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी ने लोकसभा में इसका मजबूती से विरोध किया और इसके लिए वह उन्हें हरियाणा की ओर से बधाई देते हैं।

हुड्डा ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को हरियाणा के लोगों का भरपूर समर्थन मिला था और आज भी प्रदेश में उनके प्रति लोगों में उत्साह है। उन्होंने हरियाणा में सद्भावना यात्रा निकालने के लिए पूर्व सांसद बृजेन्द्र ंिसह को बधाई दी और राहुल गांधी को हरियाणा में फिर से आने का निमंत्रण दिया।

राहुल गांधी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ रहे हैं: राव नरेंद्र

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नरेंद्र राव ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के हरियाणा आने से युवाओं में नई ऊर्जा और उत्साह पैदा हुआ है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी गरीब, किसान, मजदूर और ओबीसी वर्ग की आवाज बनकर देश की लड़ाई लड़ रहे हैं। नरेंद्र राव ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में हरियाणा विकास और कानून व्यवस्था के मामले में नंबर वन था, लेकिन आज प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार से किसान, मजदूर और युवा परेशान हैं और बदलाव चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, जबकि राहुल गांधी युवाओं और किसानों की आवाज बनकर लोकतंत्र और संविधान की रक्षा की लड़ाई लड़ रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर