home page

गुरुग्राम: धूल नियंत्रण नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले पांच निर्माण स्थल सील

 | 
गुरुग्राम: धूल नियंत्रण नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले पांच निर्माण स्थल सील


-नियमों का पालन नहीं करने पर हुई कार्रवाई, उद्योग विहार में तीन साइट सील

गुरुग्राम, 11 नवंबर (हि.स.)। वायु प्रदूषण की रोकथाम और निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के निर्धारित उपायों का पालन सुनिश्चित करने के लिए हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एचएसपीसीबी) की ओर से सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में एचएसपीसीबी के क्षेत्रीय कार्यालय गुरुग्राम (उत्तर) की टीम ने नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पांच निर्माण स्थलों को सील कर दिया। इनमें से तीन निर्माण स्थल उद्योग विहार क्षेत्र में स्थित हैं।

एचएसपीसीबी के एईई कामेश ने बुधवार को बताया कि निरीक्षण के दौरान इन निर्माण स्थलों पर वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन पाया गया। इसके अलावा संबंधित निर्माण स्थलों की ओर से एचएसपीसीबी के डस्ट पोर्टल से जुड़ी आवश्यक अनुपालन प्रक्रिया भी पूरी नहीं की गई थी। इन उल्लंघनों को गंभीरता से लेते हुए पांचों स्थलों को सील करने की कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि निर्माण गतिविधियों के दौरान धूल नियंत्रण के निर्धारित उपायों को अपनाना अनिवार्य है। नियमों का पालन नहीं करने वाले निर्माण स्थलों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। क्षेत्र में निरीक्षण अभियान भी लगातार चलाया जाएगा, ताकि सीएक्यूएम के दिशा-निर्देशों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर