home page

गुरुग्राम पुलिस ने दो सप्ताह में बिना नंबर प्लेट वाले 1028 वाहन किए जब्त

 | 
गुरुग्राम पुलिस ने दो सप्ताह में बिना नंबर प्लेट वाले 1028 वाहन किए जब्त


-पश्चिम जोन में पुलिस ने अभियान चलाकर बिना नंबर प्लेट के वाहनों पर कसा शिकंजा

गुरुग्राम, 02 अक्टूबर (हि.स.)। बिना नंबर प्लेट चलने वाले वाहनों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पश्चिम पुलिस जोन की टीमों ने बीते दो सप्ताह में 1028 वाहनों को इम्पाउंड किया है। इम्पाउंड वाहनों में 846 टू-व्हीलर और 182 फोर-व्हीलर शामिल हैं।

अभियान के दौरान पालम विहार थाना पुलिस ने सबसे ज्यादा 264 और उद्योग विहार थाना पुलिस ने 241 वाहनों पर कार्रवाई की। डीसीपी पश्चिम के निर्देशन में पुलिस टीमों ने प्रमुख मार्गों, बाजारों और संवेदनशील इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस का कहना है कि नंबर प्लेट सिर्फ पहचान नहीं, बल्कि सुरक्षा का अहम माध्यम है। बिना नंबर प्लेट वाहन की पहचान मुश्किल होती है, जिससे यातायात प्रबंधन और अपराध नियंत्रण में दिक्कत आती है। पुलिस ने अपील की है कि वाहन चालक निर्धारित नंबर प्लेट अवश्य लगवाएं, उसे स्पष्ट और निर्धारित स्थान पर रखें, छेड़छाड़ न करें और यातायात नियमों का पालन करें। गुरुग्राम पुलिस ने बताया कि सडक़ सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर