home page

गुरुग्राम: हिरासत से बाप-बेटे के फरार होने पर दो पुलिसकर्मी निलंबित, जांच के आदेश

 | 

पुलिस आयुक्त ने लिया कड़ा संज्ञान

गुरुग्राम, 03 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश में गुरुग्राम पुलिस की हिरासत से आरोपी बाप-बेटे के फरार होने के मामले में ड्यूटी में गंभीर लापरवाही पर दो पुलिस कर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।

सेक्टर-14 थाना के एसएचओ समेत दो पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच के आदेश दिए गए हैं।इस मामले में शिकायतकर्ता के निजी वाहन का उपयोग किए जाने को भी गंभीर प्रशासनिक चूक माना गया है।

जानकारी के अनुसार सेक्टर-14 थाना में 17 जनवरी 2026 को दर्ज एक मामले में आरोपी प्रकाश रज्जाक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम मध्य प्रदेश गई थी। आरोपी को हिरासत में लेने के बाद पुलिस टीम पूछताछ और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उसे गुरुग्राम लेकर आ रही थी।

इस दौरान पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता के निजी वाहन का इस्तेमाल किया था, जिसे विभागीय स्तर पर गंभीर लापरवाही माना गया है।

एक जून को मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के गरोठ कस्बे स्थित एक पेट्रोल पंप पर पुलिस टीम अपने वाहन में जब पेट्रोल भरवा रही थी, तभी आरोपी प्रकाश रज्जाक अपने पिता के साथ शिकायतकर्ता की कार लेकर मौके से फरार हो गया। हालांकि, दोनों ने कुछ दूरी पर वाहन छोड़ दिया और वहां से भाग निकले। आरोपियों की तलाश के लिए तत्काल अभियान शुरू किया गया। इस मामले में प्रारंभिक जांच में पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आने पर उच्च अधिकारियों ने सख्त कार्रवाई करते हुए जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल तेजपाल समेत दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।

सेक्टर-14 थाना प्रभारी और मुंशी की भूमिका की विभागीय जांच के आदेश दिए गए है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर