home page

गुरुग्राम पुलिस ने कानून व्यवस्था पर काबू पाने को बनाई पांच और लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनियां

 | 
गुरुग्राम पुलिस ने कानून व्यवस्था पर काबू पाने को बनाई पांच और लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनियां


-जिला में हो गई कुल 10 लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनियां

-10 एसीपी के नेतृत्व में 1000 से अधिक पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात

गुरुग्राम, 07 जुलाई (हि.स.)। जिला में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत व त्वरित बनाने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने पांच और विशेष लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनियों का गठन किया है। इसके साथ ही गुरुग्राम में अब कुल 10 विशेष लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनियां तैनात हो गई हैं।

इन कंपनियों का गठन किसी भी आपातकालीन, संवेदनशील या कानून व्यवस्था से जुड़ी स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए किया गया है। नई पांच कंपनियों के साथ मिलाकर अब आठ कंपनियां जिला के चार पुलिस जोनों में तैनात होंगी। पूर्व जोन, पश्चिम जोन, दक्षिण जोन और मानेसर जोन में दो-दो कंपनियां तैनात की गई हैं। दो कंपनियां पुलिस उपायुक्त मुख्यालय गुरुग्राम के अधीन रहेंगी और जरूरत पडऩे पर जिले में कहीं भी भेजी जा सकेंगी। पुलिस आयुक्त शिबास कबिराज के मुताबिक प्रत्येक लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनी में कुल 107 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। कंपनी का नेतृत्व एसीपी रैंक के अधिकारी कंपनी कमांडर के रूप में करेंगे। इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी असिस्टेंट कमांडर की जिम्मेदारी संभालेंगे। इस तरह 10 कंपनियों में 10 एसीपी और 1000 से अधिक पुलिसकर्मी कानून व्यवस्था संभालने के लिए तैयार रहेंगे।

इन कंपनियों का मुख्य काम अराजक स्थिति और कानून व्यवस्था की चुनौती से निपटना, धरना-प्रदर्शन और भीड़ नियंत्रण, साम्प्रदायिक तनाव रोकना, वीआईपी ड्यूटी और आपदा प्रबंधन, किसी भी विशेष परिस्थिति में त्वरित रिस्पांस देना रहेगा। पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया है कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले हुड़दंगियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि बढ़ती सुरक्षा चुनौतियों और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। प्रशिक्षित और संगठित स्वरूप में काम करने वाली ये कंपनियां जिले में त्वरित कार्रवाई, बेहतर पुलिसिंग और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगी। गुरुग्राम पुलिस की अब कुल 10 लॉ-एंड-ऑर्डर कंपनियां हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर