home page

गुरुग्राम पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाई डिजिटल सहेली

 | 
गुरुग्राम पुलिस ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए बनाई डिजिटल सहेली


अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को गुरुग्राम पुलिस का तोहफा डिजिटल सहेली हेल्पलाइन

आठ महिला पुलिसकर्मियों की टीम 24 घंटे सातों दिन रहेगी इस हेल्पलाइन पर तैनात

गुरुग्राम, 06 मार्च (हि.स.)। पुलिस कमिश्नरी में महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस ने एक अहम पहल की शुरुआत करते हुए डिजिटल सहेली लॉंच की गई है। एंटी डीपफेक व सेक्सटॉर्शन रैपिड रिस्पॉन्स सेल डिजिटल सहेली की स्थापना यहां की गई है। पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा ने शुक्रवार को इसकी विधिवत शुरुआत करते हुए बताया कि महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में गुरुग्राम पुलिस निरंतर प्रभावी कदम उठा रही है। महिला सुरक्षा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से रीत फाउंडेशन के सहयोग से महिला थाना सेक्टर-51 में विशेष सेल डिजिटल सहेली की स्थापना की गई है। यह सेल एंटी-डीपफेक व सेक्सटॉर्शन रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट के रूप में कार्य करेगी, जो डीपफेक दुरुपयोग, सेक्सटॉर्शन तथा डिजिटल माध्यमों से होने वाली विभिन्न प्रकार की यौन हिंसा से पीडि़त महिलाओं को तत्काल सहायता प्रदान करेगी। यदि किसी महिला की फोटो/वीडियो को आपत्तिजनक रूप में एडिट, मॉर्फ या सोशल मीडिया पर प्रसारित किया जाता है तो पीडि़ता मोबाइल नंबर-9999981002 पर संपर्क कर या साइबर क्राइम शिकायत के माध्यम से इस सेल तक अपनी शिकायत पहुंचा सकती हैं, जिस पर त्वरित कार्यवाही की जाएगी। डिजिटल सहेली के रूप में आठ महिला पुलिसकर्मियों की टीम 24 घंटे सातों दिन डिजिटल सहेली हेल्पलाइन पर तैनात रहेंगीं। महिला सुरक्षा से संबंधित शिकायत मिलने पर तुरंत ही सक्रियता दिखाएंगीं। डिजिटल सहेली हेल्पलाइन नंबर-9999981002 पर महिलाएं घर बैठे ही अपनी महिला विरुद्ध साइबर अपराध से संबंधित शिकायतें दर्ज करवा सकती हैं। उनकी जानकारी, पहचान गोपनीय रखी जाएगी। इस सेल द्वारा किसी भी प्लेटफॉर्म पर महिलाओं की अवांछित मार्फेड फोटो/वीडियो और अन्य डिटेल्स को कम से कम समय में हटवाया जाएगा। गुरुग्राम पुलिस के चैट बोट नंबर +91 95999-64777 के माध्यम से भी डिजिटल सहेली सहित गुरुग्राम पुलिस से संबंधित अन्य सुविधाएं ली जा सकती हैं। पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा ने कहा कि डिजिटल सहेली प्लेटफॉर्म सुरक्षित, गोपनीय और जवाबदेह डिजिटल रिपोर्टिंग सुविधा उपलब्ध कराता है, जहां पीडि़ताओं को कानूनी सहायता के साथ-साथ काउंसलिंग, मानसिक देखभाल और भावनात्मक सहयोग भी प्रदान किया जाएगा। वे आत्मविश्वास व सम्मान के साथ पुन: सामान्य जीवन जी सकें। गुरुग्राम पुलिस का महिलाओं को संदेश है कि आप अकेली नहीं हैं। मदद, सुरक्षा और न्याय यहीं से शुरू होते हैं। इस दौरान कार्यक्रम में डॉ. अर्पित जैन पुलिस उपायुक्त मुख्यालय, गौरव राजपुरोहित पुलिस उपायुक्त पूर्व, गुरुग्राम पुलिस के सहायक पुलिस आयुक्त व अन्य पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर