home page

गुरुग्राम: उत्तर प्रदेश की जेल से फरार ईनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में काबू

 | 
गुरुग्राम: उत्तर प्रदेश की जेल से फरार ईनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में काबू


-आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की तो पुलिस ने भी चलाई गोली

गुरुग्राम, 27 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की जेल से फरार 25 हजार रुपये का ईनामी बदमाश गुरुग्राम पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस से मुठभेड़ में वह पकड़ा गया। आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग करके जानलेवा हमला किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी को गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से एक बाइक, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस व पांच खाली खोल कारतूस बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार 26/27 फरवरी 2026 की रात को अपराध शाखा मानेसर इंचार्ज उप-निरीक्षक मनोज कुमार की पुलिस टीम को अपने विश्वस्त सूत्रों से सूचना मिली कि उत्तर प्रदेश की कन्नौज जेल से फरार हुआ 25 हजार रुपये का ईनामी एक शातिर बदमाश बाइक पर अवैध हथियार सहित पचगांव चौक से होते हुए गांव खोह कासन की तरफ जा रहा है। इस सूचना पर तत्परता से कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को काबू करने के लिए टीम तैयार की। अपराध शाखा मानेसर ने उच्च अधिकारियों के निर्देशों पर पचगांव चौक नजदीक गोलू होटल गांव कासन जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी की। कुछ समय बाद एक बाइक पुलिस नाके की तरफ आती हुई दिखाई दी। जब पुलिस टीम ने बाइक चालक को रुकने का इशारा किया तो वह बाइक को गिराकर भागने लगा। आरोपी ने पुलिस की टीम पर गोली भी चलाई। एक गोली पुलिस कर्मचारी की बुलेट प्रूफ जैकेट पर जा लगी। पुलिस टीम द्वारा आरोपी को चेतावनी देते हुए आत्मसमर्पण करने को कहा गया, लेकिन वह गोली ही चलाता रहा। तभी पुलिस टीम ने अपनी सुरक्षा करते हुए जवाबी कार्रवाई में गोलियां चलाईं। पुलिस की एक गोली आरोपी के पैर में लगी। गोली लगने से आरोपी गिर गया और पुलिस ने उसे काबू कर लिया। आरोपी की पहचान हजूरापुर जिला कन्नौज (उत्तर-प्रदेश) निवासी अंकित कुमार (उम्र-24 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस टीम द्वारा बदमाश को अस्पताल में दाखिल कराया गया। प्रबंधक थाना मानेसर, सीन-ऑफ-क्राइम, फिंगरप्रिंट टीमों को अवगत करवाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। इस वारदात के सम्बन्ध में आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना मानेसर में केस दर्ज किया गया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मुठभेड़ के दौरान पांच राउंड फायर हुए, जिनमें से आरोपी की तरफ से तीन तथा पुलिस की तरफ से दो फायर किए गए। पुलिस टीम ने आरोपी द्वारा प्रयोग की गई एक बाइक, एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, पांच खाली खोल कारतूस बरामद किए हैं।

आरोपी अवैध हथियार रखने के मामले में जिला कन्नौज (उत्तर-प्रदेश) जेल में बंद था। जनवरी 2026 में आरोपी जेल से फरार हो गया था, जिस पर उत्तर-प्रदेश पुलिस द्वारा 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच से पता चला है कि उस पर चोरी व लूट करने व शस्त्र अधिनियम के तहत उत्तर-प्रदेश में छह केस दर्ज हैं। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद पुलिस उससे गहनता से पूछताछ करेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर