home page

गुरुग्राम: पुलिस-मुठभेड़ में इनामी बदमाश गिरफ्तार

 | 
गुरुग्राम: पुलिस-मुठभेड़ में इनामी बदमाश गिरफ्तार


-क्राइम ब्रांच और बदमाश के बीच हुई सात राउंड फायरिंग

गुरुग्राम, 03 जून (हि.स.)। सेक्टर-93 क्षेत्र में बुधवार अलसुबह पुलिस और एक इनामी बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने ईनामी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान झज्जर निवासी 23 वर्षीय नितिन के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि आरोपी नितिन हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, अपहरण और आम्र्स एक्ट सहित 17 से अधिक संगीन मामलों में वांछित चल रहा था।

उद्योग विहार क्षेत्र में हुए एक सनसनीखेज अपहरण मामले में नितिन की तलाश की जा रही थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार ठिकाने बदल रहा था। गुरुग्राम पुलिस ने उस पर पांच हजार रुपये का ईनाम घोषित किया हुआ था। पालम विहार क्राइम ब्रांच की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक वांछित अपराधी चोरी की मोटरसाइकिल पर सेक्टर-93 इलाके से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बुधवार सुबह क्षेत्र में नाकेबंदी कर संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का संकेत दिया। खुद को पुलिस से घिरा देखकर आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पिस्तौल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी ने पुलिसकर्मियों को निशाना बनाते हुए चार राउंड गोलियां चलाई। इनमें से एक गोली क्राइम ब्रांच के एक जवान की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जैकेट पहने होने के कारण पुलिसकर्मी की जान बच गई और बड़ा हादसा टल गया।

पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आत्मरक्षा में पुलिस टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए तीन राउंड फायर किए। इस दौरान एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की जा रही चोरी की मोटरसाइकिल और एक अवैध हथियार बरामद किया। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि आरोपी किस वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। साथ ही उसके अन्य आपराधिक नेटवर्क और साथियों की भी पड़ताल की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर