गुरुग्राम में ओवरस्पीड 6231 वाहनों के चालान काट 1.24 करोड़ लगाया जुर्माना
-एक अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक यातायात पुलिस ने काटे चालान
गुरुग्राम, 06 सितंबर (हि.स.)। स्थानीय यातायात पुलिस ने ओवरस्पीड वाहनों के खिलाफ चलाए गए विशेष अभियान में एक महीने में 6231 वाहन चालकों के चालान कर 1.24 करोड़ 24 लाख 62 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। यह अभियान एक अगस्त से 31 अगस्त 2026 तक चलाया गया था।
इस अभियान के दौरान मुंबई एक्सप्रेस-वे, गोल्फ कोर्स रोड और अन्य प्रमुख मार्गों पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई की गई। सभी चालान मोटर वाहन अधिनियम, 1988 के तहत किए गए। पुलिस के अनुसार अभियान का मुख्य उद्देश्य सडक़ों को सुरक्षित बनाना और दुर्घटनाओं पर नियंत्रण रखना है। ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए समय-समय पर विशेष नाके और सुबह के समय स्पेशल चेकिंग अभियान भी चलाए जाते हैं। गुरुग्राम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि ओवरस्पीडिंग न करें, अपनी और दूसरों की जान जोखिम में न डालें और यातायात नियमों का पालन करें। पुलिस ने कहा है कि इस तरह के विशेष चालान अभियान भविष्य में भी जारी रहेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

