गुरुग्राम पुलिस में एएसआई की बेटी ने यूपीएससी में पाया 265वां रैंक
वर्ष 2023 में आया था 584वां रैंक, 2025 में फिर से दी परीक्षागुरुग्राम, 09 मार्च (हि.स.)। हाल ही में जारी किए गए संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की परीक्षा के परिणाम में गुरुग्राम पुलिस में सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) रामबीर सिंह की बेटी प्रख्या गुलिया ने 265वां रैंक हासिल किया है। बेटी की इस उपलब्धि पर माता-पिता ही नहीं, बल्कि पुलिस महकमा भी गौरवान्वित है। पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा ने प्रख्या व उसके माता-पिता को बधाई दी है।
गुरुग्राम पुलिस में सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) रामबीर सिंह की बेटी प्रख्या गुलिया ने वर्ष 2025 में यूपीएससी की परीक्षा दी थी। जिसका अब परिणाम आया है। इसमें प्रख्या गुलिया 265वां रैंक हासिल किया है। प्रख्या ने वर्ष 2023 में भी यूपीएससी की परीक्षा दी थी। उस दौरान उसका 584वां रैंक आया था। प्रख्ता ने अच्छा रैंक लेने के लिए फिर से यूपीएससी की परीक्षा की तैयारी करनी शुरू कर दी। इसमें सफलता हासिल करते हुए प्रख्या ने पूरे देश में 265वां रैंक प्राप्त किया है। माता-पिता के अनुसार प्रख्या गुलिया एक होनहार एवं मेहनती छात्रा रही हैं। उन्होंने नेकी राम कॉलेज रोहतक से बीएससी व बीएड की पढ़ाई पूरी करने के बाद यूपीएससी परीक्षा की तैयारी शुरू की थी। निरंतर मेहनत और लगन के बल पर उसने यूपीएससी परीक्षा 2025 में पूरे देश में 265वां रैंक हासिल किया है। प्रख्या गुलिया के पिता रामबीर सिंह क्राइम ब्रांच में पीओ स्टाफ के रूप में कार्यरत हैं। पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा ने उन्हें बधाई दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

