home page

गुरुग्राम में मुख्यमंत्री ने सुनीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात

 | 
गुरुग्राम में मुख्यमंत्री ने सुनीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात


गुरुग्राम, 27 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम मन की बात के 138वें संस्करण का रविवार को गुरुग्राम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से श्रवण किया। इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने टिकली मंडल के बूथ नंबर-408 स्थित जीएनएच कनवेंशन सेंटर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन को सुना।

इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मन की बात कार्यक्रम देश के नागरिकों को विभिन्न सामाजिक, राष्ट्रीय और जनभागीदारी से जुड़े विषयों से जोडऩे का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संबोधन में उठाए गए विषयों को कार्यकर्ताओं और समाज के बीच चर्चा का विषय बनाकर सकारात्मक सामाजिक सहभागिता को आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, नशा-मुक्त युवा और नागरिक कर्तव्यों जैसे विषय केवल सरकारी अभियानों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनमें समाज की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। बूथ स्तर पर ‘मन की बात’ को सामूहिक रूप से सुनना कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री के संदेश से सीधे जोडऩे के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर संवाद का अवसर भी प्रदान करता है।

मन की बात कार्यक्रम के पश्चात प्रधानमंत्री के सामाजिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान कार्यक्रम के निमित्त मुख्यमंत्री ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता अभियान पर भाजपा पदाधिकारी एवं उपस्थित प्रबुद्धजनों को विशेष जागरुकता अभियान चलाने का आह्वाहन किया। भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने कहा कि आज हम सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 138वें मन की बात कार्यक्रम को सुना। प्रधानमंत्री अपने इस संवाद के माध्यम से देशवासियों से जुडक़र समाज और राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का बोध कराते हैं। इस अवसर पर कैबिनेट राव नरबीर सिंह, गुरुग्राम मेयर राज रानी मल्होत्रा, गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा, सोहना विधायक तेजपाल तंवर, पटौदी विधायक विमला चौधरी, भाजपा गुरुग्राम जिलाध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, जिला महामंत्री अजीत यादव एवं मनीष सैदपुर, मन की बात जिला संयोजक अजय दुआ, टिकली मंडल अध्यक्ष श्रवण राघव, कार्यक्रम संयोजक एवं पार्षद कुलदीप यादव सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर