गुरुग्राम: नाटक सेडक्शन में दिखा मानवीय स्वभाव, रिश्तों की जटिलता
-रोहतक के कलाकारों द्वारा गुरुग्राम में किया गया नाटक का प्रभावशाली मंचन
-कलाकारों ने बॉलीवुड अभिनेता नाना पाटेकर को दी श्रद्धांजलि
गुरुग्राम, 12 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा कला परिषद द्वारा प्रसिद्ध रूसी नाटककार अंतोन चेखव की प्रसिद्ध नाट्य रचना-सेडक्शन का मंचन सेक्टर-7 स्थित शीतला ग्लोबल स्कूल के सभागार किया गया। इस नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों को रंगमंच की सशक्त अभिव्यक्ति और अभिनय कला से रूबरू कराया।
वरिष्ठ रंग निर्देशक विश्व दीपक त्रिखा के निर्देशन में प्रस्तुत इस नाटक में कलाकारों ने अपने अभिनय के माध्यम से नाट्य कथानक को जीवंत बनाने का प्रयास किया। प्रस्तुति में मानवीय स्वभाव, रिश्तों की जटिलताओं और जीवन की परिस्थितियों को रोचक नाटकीय अंदाज में अभिव्यक्त किया गया। विश्व दीपक त्रिखा ने सोमवार को बताया कि नाटक से पूर्व सभागार में पधारे रंग प्रेमियों ने प्रसिद्ध रंगकर्मी और फिल्म अभिनेता नाना पाटेकर के आकस्मिक निधन पर शोक प्रकट किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। मंच संचालक अर्जुन वशिष्ठ ने इसे अपूरणीय क्षति बताया और रंगकर्मी ऋतुराज ने रंग जगत को इस दुख को सहने की प्रार्थना की।
नाटक में मंच पर अविनाश सैनी, सुहासिनी दिघे, विकास रोहिल्ला और अभिषेक ने अभिनय किया। वहीं मंच के पीछे विकास रोहिल्ला, और सुभाष नागरा के संगीत ने नाटक को सफल बनाने में पूरा योगदान दिया। रूप सज्जा अनिल शर्मा की थी, जबकि मंच संयोजन अर्जुन वशिष्ठ ने किया। शीतला ग्लोबल स्कूल के चेयरमैन सुरेश सहरावत ने आयोजन की सफलता के लिए शुभ कामनाएं दी और आगे से भी ऐसी ही गतिविधियों के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। गुरुग्राम के रंग प्रेमी अनिल संदूजा, चंद्र शेखर, मोहिंदर लुथरा, ओम प्रकाश चोटी, अशोक बतरा, सी.आर. बिश्नोई, शिक्षाविद अरोरा जी, मीनाक्षी नवकल्प, हितेश हुडा, देवेंद्र कुमार, नरेंद्र गौर आदि ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कलाकारों का हौसला बढ़ाया और मंचन की प्रशंसा की। अशोक बतरा ने हरियाणा कला परिषद का इस आयोजन के लिए आभार प्रकट किया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

