home page

गुरुग्राम में पीजी, गेस्ट हाउस में क्षमता से अधिक लोगों को रखने पर नोटिस

 | 

-गुरुग्राम के 350 पीजी, गेस्ट हाउस को भेजे गए नोटिस

-छोटे प्लॉट्स पर छह मंजिला इमारत बनाने वालों पर भी नजर

गुरुग्राम, 08 सितंबर (हि.स.)। दिल्ली में सत्य निकेतन पीजी की इमारत गिरने से हुए दर्दनाक हादसे की आंच गुरुग्राम तक पहुंच गई है। गुरुग्राम में हजारों युवा और नौकरी करने वाले लोग पीजी और गेस्ट हाउस में रहते हैं। अनेक गेस्ट हाउस के छोटे-छोटे प्लॉट्स पर छह मंजिला बने होने की सूचना है। साथ ही क्षमता से अधिक लोगों को पीजी व गेस्ट हाउस में रखा जा रहा है। सूचना है कि यहां दो हजार से अधिक पीजी, गेस्ट हाउस बिना लाइसेंस के ही चलाए जा रहे हैं। इस मामले में उन्हें नोटिस भेजे गए हैं।

जिला फायर विभाग ने हाल में सुरक्षा ऑडिट किया। इस दौरान जो जानकारियां, जो तस्वीर सामने आई, उससे विभाग के अधिकारी भी सहम से गए। फायर विभाग की जांच में 350 पीजी, गेस्ट हाउस में फायर सेफ्टी की कमी नजर आई। वहां पर ना तो फायर सिलेंडर काम करने की हालत में थे और ना ही वहां पर पानी की कोई खास व्यवस्था नजर आई। फायर अधिकारी नरेंद्र कुमार के मुताबिक सेक्टर-10, सेक्टर-15, सेक्टर-17, सेक्टर-46, डीएलएफ, चकरपुर, डीएलएफ यू ब्लॉक, सेक्टर-46, डूंडाहेड़ा, सुखराली समेत कई इलाकों में पीजी व गेस्ट हाउस का बड़ा कारोबार है। लोगों ने कई-कई मंजिला पीजी, गेस्ट हाउस बना रखे हैं। लेबर के लिए भी लोगों ने कमरे बना रखे हैं। इन सब स्थानों पर सुरक्षा उपायों का भारी संकट है। पैसा खर्च ना हो, इसलिए अनेक पीजी, गेस्ट हाउस को नियमों के विरुद्ध चलाया जा रहा है। पीजी, गेस्ट हाउस में क्षमता से तीन गुणा तक लोगों को रखा जा रहा है। फायर अधिकारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि सभी डिफॉल्टरों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। सभी पीजी, गेस्ट हाउस की पहचान की जा रही है। प्राथमिक जांच में जो कमी सामने आई है, उन सभी को नोटिस जारी किए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर