home page

गुरुग्राम: कंपनी के क्लाउड सर्वर पर साइबर हमला कर 25.67 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी

 | 
गुरुग्राम: कंपनी के क्लाउड सर्वर पर साइबर हमला कर 25.67 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी


-साइबर अपराधियों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

गुरुग्राम, 18 नवंबर (हि.स.)। ऑनलाइन भुगतान सेवा प्रदाता कंपनी पे-यू का क्लाउड सर्वर पर साइबर हमला हो गया। इस साइबर हमले के दौरान कंपनी के खाते से 25.67 करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। ठगी की यह रकम ट्रांसफर करने के लिए जिन लोगों ने बैंक खाते उपलब्ध कराए थे, उनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बुधवार को बताया कि साइबर अपराधियों को बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार नौ नवंबर 2026 को पे-यू पेमेंट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी की ओर से थाना साइबर अपराध दक्षिण में एक शिकायत दी गई थी। शिकायत में कहा गया कि कंपनी के सर्वर का अनाधिकृत रूप से एक्सेस प्राप्त कर वहां कमांड चलाते हुए नए लाभार्थी खाते रजिस्टर किए गए। कंपनी की जानकारी और अनुमति के बिना उन खातों में लगभग 25.67 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर लिए गए। इस तरह से कंपनी के साथ धोखाधड़ी की गई। इस शिकायत के आधार पर थाना साइबर अपराध दक्षिण में केस दर्ज किया गया। पुलिस टीम ने इस मामले में दो आरोपियों को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अतर सिंह व लवप्रीत सिंह निवासी जिला लुधियाना के रूप में हुई है। पुलिस जांच में पता चला कि इस ठगी गई राशि में से छह लाख 20 हजार रुपये आरोपी अतर सिंह के बैंक खाते में ट्रांसफर हुए थे। यह बैंक खाता आरोपी अतर सिंह ने दो प्रतिशत कमीशन पर आरोपी लवप्रीत को उपलब्ध कराया था। आरोपी लवप्रीत सिंह ने यह बैंक खाता दो प्रतिशत कमीशन पर एक अन्य व्यक्ति को बेचा था।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर