home page

गुरुग्राम: पारस ड्यूज सोसाइटी के फ्लैट में गिरा प्लास्टर का बड़ा हिस्सा

 | 

गुरुग्राम, 08 अगस्त (हि.स.)। सेक्टर-106 स्थित पारस ड्यूज सोसाइटी के टावर-एफ के फ्लैट नंबर-408 में शनिवार देर शाम प्लास्टर का बड़ा हिस्सा गिर गया। प्लास्टर ड्राइंग रूम में गिरा, जबकि कुछ ही दूरी पर सोफा रखा हुआ था। गनीमत रही कि हादसे के समय उस जगह पर कोई नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

सोसाइटी निवासियों के अनुसार फ्लैट में एक महिला अपने माता-पिता के साथ रहती है। घटना के समय महिला दूसरे कमरे में थी। अचानक जोरदार आवाज सुनकर वह ड्राइंग रूम में पहुंची तो फर्श पर प्लास्टर का बड़ा हिस्सा गिरा हुआ मिला। घटना की जानकारी तत्काल सोसाइटी की आरडब्ल्यूए और मेंटेनेंस एजेंसी को दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया। निवासियों का कहना है कि प्लास्टर का इस तरह अचानक गिरना सोसाइटी के निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है। लोगों ने मांग की है कि सोसाइटी की इमारत का स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया जाए, ताकि निर्माण की गुणवत्ता और भवन की सुरक्षा को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सके। साथ ही अन्य फ्लैटों में भी इस तरह की समस्या की जांच कराने की मांग की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर