home page

गुरुग्राम: ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी पर नर्सिंग ऑफिसर्स में उठे विरोध के स्वर

 | 

-नर्सिंग ऑफिसर्स ने सरकार पर लगाया धोखा देने का आरोप

-एसीएस ने आश्वासन देकर खत्म कराई थी हड़ताल, फिर भी कुछ नहीं हुआ

गुरुग्राम, 11 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा में नर्सिंग ऑफिसर्स ने ऑनलाइन मॉडल ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में एक बार फिर आंदोलन का बिगुल बजा दिया है। नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन की राज्य प्रधान विनीता बांगड़ ने बुधवार को कहा कि सरकार ने नर्सिंग ऑफिसर्स के साथ धोखा किया है। बिना सूचित किए ट्रांसफर का तुगलकी फरमान जारी कर दिया गया है। अब सरकार के साथ आर-पार की लड़ाई लड़ी जाएगी।

विनीता बांगड़ ने कहा कि ऑनलाइन मॉडल ट्रांसफर पॉलिसी के विरोध में नर्सिंग ऑफिसर्स ने पांच-छह अक्टूबर 2026 को हड़ताल की थी। उस दौरान अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस) डा. सुमिता मिश्रा ने इस आश्वासन पर हड़ताल समाप्त कराई थी कि वे मुख्यमंत्री के समक्ष नर्सिंग ऑफिसर्स पर यह पॉलिसी लागू नहीं करने की सिफारिश करेंगी। इसके बाद इस पर क्या निर्णय हुआ, क्या चर्चा हुई, इसकी कोई जानकारी नर्सिंग एसोसिएशन को नहीं दी गई। अब अचानक बिना सूचित किए ट्रांसफर के आदेश निकाल दिए गए हैं। यह नर्सिंग ऑफिसर्स के साथ सरासर धोखा है। अब अनिश्चिकालीन हड़ताल होगी। क्योंकि जबरन ट्रांसफर पॉलिसी थोपकर सरकार नर्सिंग ऑफिसर्स को अनिश्चितकालीन हड़ताल जैसा फैसला लेने के लिए मजबूर कर दिया है। जल्द ही हड़ताल की तारीख तय की जाएगी। हड़ताल में जान-माल के नुकसान की जिम्मेदारी सरकार की होगी। उन्होंने सभी नर्सिंग ऑफिसर्स से एकजुट होकर आंदोलन में भाग लेने की अपील की है।

विनीता बांगड़ ने बताया कि हरियाणा के सभी जिलों के नर्सिंग एसोसिएशन प्रधान अपने-अपने जिलों में 14 नवंबर 2026 तक मीटिंग रखेंगे। सभी जिलों से सुझाव लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

विनीता बांगड़ ने कहा कि ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी में सरकार महिला कर्मचारियों की सुरक्षा, रात में परिवहन की सुविधा का ख्याल नहीं रख रही। नर्सिंग ऑफिसर्स की ड्यूटी आम कर्मचारियों यानी अन्य विभागों के कर्मचारियों से बिल्कुल अलग है। हमारी कोई 9 से 5 बजे की ड्यूटी नहीं है। सुबह, दोपहर, रात का ड्यूटी शेड्यूल रहता है। हम 24 घंटे की सेवा देते हैं। इसलिए सरकार आवासीय सुविधा दे। बच्चों की एडमिशन फीस सरकार वहन करे, जो तबादला होने पर दूसरे जिलों में देनी पड़ेगी। केंद्र के समान नर्सिंग अलाउंस दिया जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर