गुरुग्राम: नागरिक अस्पताल से भी उठी ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करने की मांग
-नागरिक अस्पताल सेक्टर-10 में पेंशन बहाली संघर्ष समिति की हुई बैठक
-स्वास्थ्य कर्मचारियों से आंदोलन में बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील
-बोले-यह कर्मचारियों के भविष्य का सवाल, सरकार जल्द लागू करे योजना
गुरुग्राम, 12 अक्टूबर (हि.स.)। ओल्ड पेंशन स्कीम लागू कराने को लेकर चल रहे आंदोलन की कड़ी में नागरिक अस्पताल सेक्टर-10 में पेंशन बहाली संघर्ष समिति की अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के पदाधिकारियों ने स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से इस संघर्ष में बढ़-चढक़र भाग लेने की अपील की। साथ ही सरकार से मांग की कि ओल्ड पेंशन स्कीम को जल्द लागू किया जाए, क्योंकि यह कर्मचारियों के भविष्य का सवाल है। पुरानी पेंशन हर कर्मचारी का हक है और यह हक हर हाल में मिलना चाहिए।
बैठक की अध्यक्षता पेंशन बहाली संघर्ष समिति के गुरुग्राम जिला प्रधान डा. सुशील कटारिया ने की। बैठक में काफी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी, नर्सिंग स्टाफ, लैब टेक्नीशियन और अन्य संगठन जुड़े कर्मचारी मौजूद रहे। पेंशन बहाली संघर्ष समिति के जिला अध्यक्ष डा. सुशील कटारिया ने पुरानी पेंशन योजना कर्मचारियों की सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी हैं। सेवानिवृति के बाद एक कर्मचारी की यह भविष्य निधि होती है। इसी से उसका व परिवार का जीवन सुगम तरीके से चलता है।
पेंशन बंद होने के बाद कर्मचारियों को काफी परेशानियां उठानी पड़ रही हैं। इसलिए ओल्ड पेंशन स्कीम कर्मचारियों के लिए जरूरी है। कर्मचारी अपने नौकरी समय में सरकार और देश के लिए काम करते हैं। सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली पेंशन अगर उनकी जरूरतों के अनुसार पर्याप्त नहीं होती है तो बुढ़ापे में उन पर आर्थिक दबाव बढ़ सकता है। रिटायरमेंट के बाद दवाइयों, स्वास्थ्य सेवाओं, आवास और परिवार की जरूरतों का खर्च लगातार बढ़ता है। ऐसे समय में नियमित और भरोसेमंद पेंशन आय का महत्व और अधिक बढ़ जाता है।
सेक्टर-10 नागरिक अस्पताल से एसएनओ पूनम सहराय ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य सभी विभागों में कार्यरत लाखों कर्मचारी दिन-रात अपनी ड्यूटी को पूरी निष्पक्षता और जिम्मेदारी से करते हैं। फिर भी रिटायरमेंट के बाद उनके भविष्य को लेकर कोई ठोस योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि नई पेंशन स्कीम (एनपीएस) में कर्मचारियों को वह सुरक्षा नहीं मिल रही जो पुरानी योजना में मिलती थी। इसलिए ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू करना समय की मांग है। पूनम सहराय ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग से कर्मचारियों का ओपीएस के आंदोलन का पूर्ण समर्थन है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

