गुरुग्राम: नवरात्रि उत्सव नवचेतना-परिवर्तन की ओर कार्यक्रम में बच्चों ने प्रस्तुति
-लायंस पब्लिक स्कूल में आयोजित किया गया नवरात्रि उत्सव
गुरुग्राम, 16 अक्टूबर (हि.स.)। लायंस पब्लिक स्कूल सेक्टर-102 में शुक्रवार को नवरात्रि के पावन अवसर पर नवचेतना-परिवर्तन की ओर थीम के तहत एक भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। मुख्य अतिथि नीरजा बत्रा का विशेष सम्मान किया गया। प्रधानाचार्या अरुणा बहल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए नवरात्रि के आध्यात्मिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला।
विद्यालय के प्रबंधक राजीव कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में नर्सरी और एल.के.जी. के नन्हें विद्यार्थियों ने मनमोहक डांडिया नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। संगीत प्रस्तुति ने समारोह में चार चांद लगा दिए। मुख्य आकर्षण मां दुर्गा द्वारा महिषासुर वध की सुंदर प्रस्तुति रही। जिसके माध्यम से बच्चों ने संदेश दिया कि जब-जब धरती पर अधर्म बढ़ता है, तब-तब शक्ति धर्म की रक्षा के लिए प्रकट होती है।
मुख्य अतिथि नीरजा बत्रा के प्रेरणादायक संबोधन और विद्यालय के चेयरमैन लायन डी. वी. तनेजा के आशीर्वचनों ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन और अभिभावकों की उत्साहपूर्ण डांडिया प्रस्तुति के साथ हुआ। पूरा आयोजन संस्कृति, उल्लास और सामूहिक सहभागिता का सुंदर संगम रहा, जिसने विद्यार्थियों में भारतीय परंपराओं के प्रति सम्मान और एकता की भावना को प्रोत्साहित किया। दशहरा मंचन के द्वारा विद्यार्थियों ने बताया कि दशहरा केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि सत्य की असत्य पर और अच्छाई की बुराई पर विजय का प्रतीक है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

