गुरुग्राम: एसीएस से चार मांगों पर बनी सहमति, नर्सिंग कैडर की हड़ताल स्थगित: विनिता बांगड़
-अगर मांगों को लागू नहीं किया गया तो फिर से होगा आंदोलन
गुरुग्राम, 06 अक्टूबर (हि.स.)। हरियाणा के स्वास्थ्य संस्थानों में दो दिनों से चल रही 2 घंटे की सांकेतिक हड़ताल को मंगलवार देर शाम नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने फिलहाल स्थगित कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग कीं अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस हेल्थ) के साथ हुई बैठक में नर्सिंग ऑफिसर्स की मांगों पर विस्तार से चर्चा हुई।
नर्सिंग ऑफिसर्स की हड़ताल के मद्देनजर मंगलवार शाम को स्वास्थ्य विभाग कीं अतिरिक्त मुख्य सचिव (एसीएस हेल्थ) डॉ. सुमिता मिश्रा और महानिदेशक स्वास्थ्य सेवाएं (डीजीएचएस) डॉ. मनीष बंसल ने एसोसिएशन के पदाधिकारियों को बैठक के लिए बुलाया। मॉडल ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी (एमओटीपी) नर्सिंग कैडर लागू न करने और वाशिंग अलाउंस सहित अन्य मांगों को लेकर एसीएस डा. सुमिता मिश्रा के साथ नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन की राज्य प्रधान विनीता बांगड़, राज्य कोषाध्यक्ष सुमन कुंडू और राज्य संयुक्त सचिव संतोष शर्मा की विस्तार से चर्चा हुई। प्रधान विनीता बांगड़ ने बताया कि एसीएस के साथ नर्सिंग कैडर में एमओटीपी लागू नहीं करने, मेवात व पलवल भत्ता दिए जाने पर सहमति, मेवात और पलवल में कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर जो अपने जिलों में ट्रांसफर लेने (नई नर्सिंग ऑफिसर भर्ती होने पर) पर सहमति, पिछले साल से बंद यूनिफॉर्म अनाउंस को तुरंत प्रभाव से एरियर के साथ देने पर सहमति बनी है।
अन्य मांगें जैसे नर्सिंग अलाउंस 7200 रुपये करने और नर्सिंग ऑफिसर को ग्रुप-बी में शामिल करने जैसी मांगों के लिए विभाग के साथ जल्द ही एक अलग बैठक आयोजित की जाएगी। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने इसके लिए जल्द समय देने की बात कही है। अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. सुमिता मिश्रा ने आश्वासन दिया है कि नर्सिंग कैडर की मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा। नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा की मीडिया कॉर्डिनेटर पूनम सहराय ने बताया कि विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव के साथ मीटिंग के बाद एसोसिएशन ने हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया है। उन्होंने प्रदेशभर में नर्सिंग ऑफिसर्स से अपील की है कि हड़ताल समाप्त करके कल बुधवार 7 अक्टूबर से नियमित काम पर लौट जाएं। उन्होंने इस आंदोलन में बढ़-चढक़र भाग लेने वाले सभी नर्सिंग ऑफिसर्स का आभार भी जताया।
इन 4 मांगों पर बनी सहमति:
-एमओटीपी नर्सिंग कैडर पर लागू नहीं होगा
-मेवात और पलवल में कार्यरत नर्सिंग अधिकारियों को विशेष भत्ता मिलेगा
-मेवात और पलवल में कार्यरत नर्सिंग ऑफिसर अपने गृह जिलों में ले सकेंगे तबादला (नई भर्ती होने पर)
-पिछले वर्ष से बंद पड़ा यूनिफॉर्म अलाउंस अब अर्जेंट बेसिस पर एरियर सहित मिलेगा
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

