home page

गुरुग्राम: प्रदेश की नर्सिंग ऑफिसर्स महिला आयोग अध्यक्ष की अभद्र टिप्पणी के विरोध में उतरीं

 | 
गुरुग्राम: प्रदेश की नर्सिंग ऑफिसर्स महिला आयोग अध्यक्ष की अभद्र टिप्पणी के विरोध में उतरीं


-कुरुक्षेत्र के नागरिक अस्पताल में की थी अभद्र टिप्पणी व गलत व्यवहार

-09 जून 2026 को हरियाणा के अस्पतालों में करेंगे दो घंटे की हड़ताल

-महिला आयोग की चेयरपर्सन से अपनी टिप्पणी पर माफी मांगने की मांग

गुरुग्राम, 08 जून (हि.स.)। कुरुक्षेत्र के नागरिक अस्पताल में हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया द्वारा एक मामले में नर्सिंग ऑफिसर्स पर दोष मंढते हुए उनके साथ अभद्र टिप्पणी व गलत व्यवहार पर नर्सिंग ऑफिसर्स विरोध में उतर आई हैं। आगामी नौ जून 2026 को प्रदेश में नर्सिंग ऑफिसर्स द्वारा दो घंटे की पेन डाउन हड़ताल करने का निर्णय लिया गया है। साथ ही रेणु भाटिया से माफी मांगने की भी बात कही गई है। इस हड़ताल को लेकर सोमवार को गुरुग्राम के सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर्स ने पीएमओ को पत्र सौंपा। ऑल इंडिया गवर्नमेंट नर्सेज फेडरेशन ने भी इस कार्य की निंदा करते हुए आयोग की अध्यक्ष को तुरंत पद से हटाने की और उनके खिलाफ एफआईआर की मांग की है।

नर्सिंग ऑफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा की ओर से मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव, स्वास्थ्य सेवाएं महानिदेशक हरियाणा, सभी सिविल सर्जन के नाम दिए गए पत्र में कहा गया कि 07 जून 2026 को हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया द्वारा कुरुक्षेत्र के नागरिक अस्पताल में डाक्टर द्वारा किए गए रेप केस की इन्क्वायरी के दौरान नर्सिंग आफिसर के साथ अभद्र व्यवहार व गलत टिप्पणी की गई। नर्सिंग ऑफिसर्स की बेटियों के बारे में गलत टिप्पणी की। नर्सिंग ऑफिॅसर्स पर गलत आरोप लगाया कि हम नर्सिंग आफिसर ने इस जघन्य अपराध में डाक्टर का साथ दिया। इस विरोध में मंगलवार 09 जून 2026 को हरियाणा के सभी जिलों के स्वास्थ्य संस्थानों में दो घंटे (सुबह 10 से 12 बजे) की पेन डाउन हड़ताल की जाएगी।

एसोसिएशन की ओर से कहा गया है कि नर्सिंग ऑफिसर्स की ड्यूटी इनडोर में होती है। ओपीडी में फिमेल हेल्पर होती है। डॉक्टर को फीमेल हेल्पर को खुद बुलाना पड़ता है। जब भी किसी फीमेल मरीज का चेकअप करते हैं तो डॉक्टर्स के प्रोटोकॉल में यह होता है।

एसोसिएशन ने साफ कहा है कि नर्सिंग ऑफिसर्स किसी डॉक्टर के पहरेदार नहीं हैं। जिस डॉक्टर ने गलत काम किया है, उसके खिलाफ पहले भी क्रिमिनल केस दर्ज है। इसके बाद भी उसे फिर से अप्वायंटमेंट दी गई है। एसोसिएशन ने कहा है कि रेणु भाटिया को नर्सिंग कैडर से माफी मांगनी चाहिए। उनकी अभद्र टिप्पणी व व्यवहार से पूरे नर्सिंग समाज की भावनाओं को ठेस पहुंची है। नर्सिंग आफिसर्स वेलफेयर एसोसिएशन हरियाणा व पूरा नर्सिंग समाज रेणु भाटिया द्वारा दिए गए ऐसे बयानों का विरोध करती है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर