home page

गुरुग्राम: केंद्रीय मंत्री ने देखा एनएसजी कमांडो का अदम्य साहस व युद्ध कौशल

 | 
गुरुग्राम: केंद्रीय मंत्री ने देखा एनएसजी कमांडो का अदम्य साहस व युद्ध कौशल


-टेररिज्म ऑपरेशन्स के लिए तैयार हो रहीं महिला कमांडो

गुरुग्राम, 08 नवंबर (हि.स.)। मानेसर स्थित नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (एनएसजी) ट्रेनिंग एकेडमी में काउंटर-आईईडी अभ्यास 12वीं अग्नि परीक्षा आयोजित की जा रही है। केंद्रीय विदेश और पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने देश की सुरक्षा में तैनात कमांडो के अदम्य साहस, युद्ध कौशल और अत्याधुनिक परिचालन क्षमताओं को भी परखा।

इस वर्ष का अग्नि परीक्षा अभ्यास सुरक्षा बलों के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित हुआ है।

इस युद्धाभ्यास के दौरान देश भर से राज्य पुलिस बल और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के आतंकवाद विरोधी दस्तों का अब तक का सबसे बड़ा समागम देखने को मिला। आतंकवाद और बम धमाकों जैसी आपातकालीन स्थितियों में सबसे पहले मोर्चा संभालने वाले फस्र्ट रिस्पॉन्सर्स ने इस अभ्यास में हिस्सा लिया। सभी सुरक्षा एजेंसियों ने आपसी तालमेल को बेहतर करने और आधुनिक आतंकी खतरों, विशेषकर आईईडी हमलों से निपटने की संयुक्त रणनीतियों का कड़ा अभ्यास किया। केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने अपने दौरे के दौरान 'प्रथम महिला कमांडो कन्वर्जन कोर्स के प्रशिक्षण सत्र का विशेष जायजा लिया। उन्होंने देश की जांबाज महिला प्रशिक्षुओं से सीधा संवाद किया और आतंकवाद विरोधी विशिष्ट व संवेदनशील ऑपरेशन्स में शामिल होने के उनके जज्बे की सराहना की।

उन्होंने महिला कर्मियों को इस चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि अग्रिम मोर्चों पर महिलाओं की यह सक्रिय भागीदारी भारत की रक्षा पंक्ति को और अधिक सशक्त बना रही है। केंद्रीय मंत्री को इस अत्याधुनिक डिजिटल प्रणाली के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

यह सिस्टम देश भर में होने वाली आईईडी से जुड़ी गतिविधियों का बारीकी से विश्लेषण और डेटा प्रबंधन करता है। एनएसजी के अधिकारियों ने विदेशी सुरक्षा बलों के साथ चलाए जा रहे संयुक्त प्रशिक्षण और एक्सचेंज प्रोग्राम्स के बारे में भी ब्रीफिंग दी, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की आतंकवाद विरोधी साझेदारी को मजबूत करते हैं। मानेसर स्थित एनएसजी ट्रेनिंग एकेडमी में सुरक्षा बलों के बीच साझा तालमेल और रणनीतिक कौशल को मजबूत करने के लिए 12वें राष्ट्रीय संयुक्त आतंकवाद विरोधी अभ्यास अग्नि परीक्षा-12 में देशभर से करीब 500 सैन्य और पुलिस कर्मी हिस्सा ले रहे हैं।

इस बार के युद्धाभ्यास का मुख्य आकर्षण इसका व्यापक राष्ट्रीय दायरा है, जिसमें भारत के 15 राज्यों की पुलिस टीमें, जीन केंद्र शासित प्रदेश और छह केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल एक साथ मिलकर मॉक ड्रिल कर रहे हैं। अग्नि परीक्षा पूरे भारत के स्पेशल सुरक्षा कर्मियों के लिए ऑपरेशनल अनुभव शेयर करने और आतंकवादी खतरों से निपटने के लिए जिम्मेदार एजेंसियों के बीच तालमेल बेहतर करने का एक सालाना प्लेटफॉर्म है। इस साल स्पेशल ट्रेनिंग दी जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर