home page

गुरुग्राम: प्रशासन को गांव की चौपाल तक लाना रात्रि ठहराव का प्रमुख उद्देश्य: अजय कुमार

 | 
गुरुग्राम: प्रशासन को गांव की चौपाल तक लाना रात्रि ठहराव का प्रमुख उद्देश्य: अजय कुमार


-डीसी ने गांव अभयपुर में रात्रि ठहराव के दौरान सुनीं 24 समस्याएं

-अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

गुरुग्राम, 26 फरवरी (हि.स.)। सोहना खंड के गांव अभयपुर में बुधवार को रात्रि ठहराव कार्यक्रम में उपायुक्त अजय कुमार ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान कुल 24 शिकायतें दर्ज की गईं, जिन पर त्वरित कार्रवाई के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने डीसी अजय कुमार का पारंपरिक पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे, ताकि समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जा सके।

डीसी अजय कुमार ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि प्रशासन को सीधे गांव की चौपाल तक ले जाने की एक सार्थक पहल है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीणों को अपनी समस्याएं लेकर कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके बीच पहुंचकर संवाद स्थापित करे। उन्होंने कहा कि जब अधिकारी गांव में रात्रि विश्राम करते हैं तो उन्हें जमीनी हकीकत समझने, स्थानीय परिस्थितियों को नजदीक से देखने और समस्याओं की वास्तविकता को परखने का अवसर मिलता है। इससे न केवल शिकायतों का त्वरित समाधान संभव होता है, बल्कि प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास और पारदर्शिता भी मजबूत होती है।

डीसी ने कहा कि इस कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण उद्देश्य राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना भी है। कई बार जानकारी के अभाव में लोग योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते, इसलिए रात्रि ठहराव के दौरान अधिकारियों द्वारा मौके पर ही योजनाओं की जानकारी दी जाती है और पात्र व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें लाभ दिलाने की प्रक्रिया शुरू की जाती है।

रात्रि ठहराव के दौरान ग्रामीणों ने कच्चे रास्तों को पक्का करवाने, वृद्धावस्था सम्मान पेंशन शुरू कराने, परिवार पहचान पत्र तथा वोटर कार्ड से संबंधित समस्याएं प्रमुख रूप से उठाईं। डीसी अजय कुमार ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम में प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शी और प्रभावी निस्तारण किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर