दिल्ली-जयपुर हाईवे पर गुरुग्राम में डंपर ने डिलीवरी बॉय को कुचला,कई घंटे सड़क जाम
-विरोध में सडक़ पर उतरे डिलीवरी बॉय
-चार किलोमीटर लंबा लगा जाम, तीन घंटे तक ठप रही डिलीवरी
गुरुग्राम, 16 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग खेडक़ीदौला टोल प्लाजा के पास गुरुवार की सुबह सडक़ हादसे में एक डिलीवरी बॉय की दर्दनाक मौत हो गई। एक तेज रफ्तार डंपर ने उसे कुचल दिया। इस घटना की सूचना पाकर काफी संख्या में डिलीवरी बॉय एकत्रित हो गए और हाइवे जाम कर दिया। करीब तीन घंटे तक हंगामा होता रहा। वहां चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया।जानकारी के अनुसार जेप्टो कंपनी का डिलीवरी बॉय 26 वर्षीय अनिल गुरुवार की सुबह आठ बजे जेप्टो कंपनी का बैग लेकर ऑर्डर के लिए जा रहा था। खेड़की दौला टोल प्लाजा के पास तेज रफ्तार डंपर ने उसे कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के विरोध में सेंकड़ों डिलीवरी बॉय सडक़ पर उतर आए। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के कारण हाईवे पर चार किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस दौरान गुरुग्राम में होम डिलीवरी सेवा पूरी तरह ठप हो गई। अनिल मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या का रहने वाला था। पिछले दो साल से वह गुरुग्राम में किराये पर रहकर डिलीवरी बॉय का काम कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि खेडक़ी दौला टोल के आगे एक तेज रफ्तार डंपर ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही अनिल सडक़ पर गिर गया और डंपर के टायर के नीचे आ गया। हादसे के बाद डंपर चालक गाड़ी से उतरा, लेकिन घायल अनिल को निकालने की बजाय मौके से फरार हो गया। कुछ ही देर में अनिल ने दम तोड़ दिया।एम्बुलेंस में देरी से भडक़ा गुस्सा, तीन घंटे तक शव नहीं उठाने दियाघटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में डिलीवरी बॉय इकट्ठा हो गए। आरोप था कि एंबुलेंस और पुलिस के पहुंचने में देरी हुई। इससे गुस्साए राइडर्स ने एनएच-48 पर जाम लगा दिया और शव को उठाने से मना कर दिया। जब एंबुलेंस कर्मी शव को निकालने पहुंचे तो राइडर्स के साथ उनकी तू-तू मैं-मैं हो गई। करीब तीन घंटे तक चली मशक्कत के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने राइडर्स को शांत कराया। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए गुरुग्राम के सिविल अस्पताल भेजा गया।
हंगामे के कारण एनएच-48 पर मानेसर की तरफ की लेन में वाहनों की लंबी कतार लग गई। खेडक़ी दौला थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी। कुछ राइडर्स हंगामा कर रहे थे, जिन्हें समझा-बुझाकर शांत कर दिया गया है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी डंपर चालक की तलाश जारी है। उसके खिलाफ लापरवाही से मौत और हिट एंड रन का केस दर्ज किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

