home page

गुरुग्राम: विचारधारा से विकास तक भाजपा की यात्रा निरंतर जारी है: नायब सैनी

 | 
गुरुग्राम: विचारधारा से विकास तक भाजपा की यात्रा निरंतर जारी है: नायब सैनी


-मुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यालय में किया पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का अनावरण

गरीब कल्याण से सशक्त राष्ट्र निर्माण की ओर आगे बढ़ रहा भारत: मुख्यमंत्री नायब सैनी

गुरुग्राम, 06 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आज भारत ने वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान स्थापित की है। इसकी मजबूत नींव पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी नेतृत्व में रखी गई थी। उन्होंने कहा कि पार्टी हमेशा विचारधारा आधारित राजनीति करते हुए राष्ट्र को सशक्त और विकसित बनाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ी है। वे सोमवार को गुरुग्राम भाजपा कार्यालय में पार्टी के 47 वें स्थापना दिवस समारोह में बोल रहे थे। इस अवसर पर कार्यालय परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की नौ फुट ऊंची प्रतिमा का भी सीएम ने अनावरण भी किया।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के त्याग, संघर्ष और दूरदृष्टि का ही परिणाम है कि राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जनसंघ जैसे संगठन को भी व्यापक लक्ष्य के लिए विलय किया गया। यह भाजपा की उस सोच को दर्शाता है, जिसमें सत्ता या संगठन से ऊपर राष्ट्र निर्माण और भारत को उच्चतम शिखर पर पहुंचाने का संकल्प सर्वोपरि रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा की स्थापना केवल एक राजनीतिक दल के रूप में नहीं, बल्कि राष्ट्र सेवा, समर्पण और मजबूत विचारधारा के उदय के रूप में हुई थी। छह अप्रैल 1980 को रखी गई इस नींव ने आज एक विशाल वटवृक्ष का रूप ले लिया है।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि वर्ष 1951 में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेंगे का नारा देकर राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया और अखंड भारत के लिए अपना बलिदान दिया। मूर्ति अनावरण के मौके पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पुनिया, प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली मौजूद रहे। गुरुग्राम के जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली और प्रदेश प्रभारी डा. सतीश पूनिया का स्वागत किया।

हरियाणा भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया ने कहा कि भारतीय जनसंघ की स्थापना से लेकर आज तक की यह यात्रा विचारधारा, त्याग और राष्ट्र सेवा के संकल्प से प्रेरित रही है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों और अटल बिहारी वाजपेयी के सुशासन मॉडल ने मजबूत नींव रखी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की स्थापना जिस विचार और जनसेवा के संकल्प के साथ हुई थी, आज वही पार्टी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक संगठन के रूप में स्थापित है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर