home page

गुरुग्राम: नमो क्रिकेट लीग का ताऊ देवीलाल स्टेडियम में हुआ आगाज

 | 
गुरुग्राम: नमो क्रिकेट लीग का ताऊ देवीलाल स्टेडियम में हुआ आगाज


-क्रिकेट लीग में 96 टीमों के बीच होंगे मुकाबले

-ताऊ देवीलाल स्टेडियम में क्रिकेट लीग का हुआ शुभारंभ

गुरुग्राम, 19 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में शनिवार को गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में नमो क्रिकेट लीग टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के राजनीतिक सलाहकार तरुण भंडारी की पहल से शुरू हुए इस चार दिवसीय क्रिकेट टूर्नामेंट में 96 टीमें हिस्सा ले रही हैं।

टूर्नामेंट के शुभारंभ अवसर पर बीजेपी के जिला अध्यक्ष सर्वप्रिय त्यागी, जिला बार एसोसिएशन के प्रधान कुलभूषण भारद्वाज एडवोकेट, समाजसेवी नवीन गोयल, अर्जुन अवार्डी यशपाल सोलंकी एवं महारानी राइस के एमडी राजीव सेतिया ने स्टेडियम पहुंचकर खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया। इसके अलावा डीटीपी इंफोर्समेंट आर.एस. भाट व जिला खेल अधिकारी आरती कोहली ने भी शुभारंभ अवसर पर प्रतिभागी खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं दीं। पहले दिन ही बड़ी संख्या में खेल प्रेमी स्टेडियम में मैच देखने पहुंचे।

टूर्नामेंट की संयोजक एडवोकेट अनीता त्रिपाठी ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देते हैं। साथ ही यह उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रहने की प्रेरणा भी देते हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन युवाओं को खेलों से जोडऩे और नशा मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। गुरुग्राम में यह आयोजन चार दिन तक चलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर