home page

गुरुग्राम: राष्ट्रीय राजमार्ग की ड्रेन की रोजाना हो सफाई: प्रदीप दहिया

 | 
गुरुग्राम: राष्ट्रीय राजमार्ग की ड्रेन की रोजाना हो सफाई: प्रदीप दहिया


राष्ट्रीय राजमार्ग पर सफाई, जल निकासी व्यवस्था का निगमायुक्त ने किया निरीक्षण

गुरुग्राम, 04 जुलाई (हि.स.)। मानसून के मद्देनजर निगमायुक्त ने शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग के साथ बनी ड्रेन की प्रतिदिन सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ड्रेन में कूड़ा, गाद या अन्य अवरोध जमा नहीं होना चाहिए, ताकि बारिश के दौरान पानी की निर्बाध निकासी बनी रहे और जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

निगम गुरुग्राम के आयुक्त प्रदीप दहिया ने शनिवार को अधिकारियों की टीम के साथ राष्ट्रीय राजमार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने सफाई व्यवस्था, जल निकासी प्रबंधों तथा सार्वजनिक स्थलों की स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को व्यवस्था में निरंतर सुधार बनाए रखने के निर्देश दिए। राजीव चौक के निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षेत्र में बेहतर सफाई व्यवस्था लगातार बनाए रखी जाए। उन्होंने फ्लाईओवर के पास खाली स्थान पर बोगनवेलिया के पौधे लगाने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र को सुंदर एवं हराभरा बनाया जा सके। उन्होंने ग्रीन बेल्ट में कूड़ा फेंकने की घटनाओं को रोकने के लिए ग्रिल फेंसिंग कराने के भी निर्देश दिए। निगमायुक्त ने कहा कि ग्रीन बेल्ट एवं सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी एवं स्थायी उपाय किए जाएं।

राजीव चौक से हीरो होंडा चौक की ओर निरीक्षण करते हुए निगमायुक्त ने सर्विस लेन के साथ स्थित भवनों के सीवरेज कनेक्शनों की जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि सीवेज का अवैध या अनुचित डिस्चार्ज सार्वजनिक स्थानों अथवा ड्रेनेज सिस्टम में न हो।

निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन पर एक निर्माणाधीन भवन के मालिक द्वारा सार्वजनिक स्थान पर सीएंडडी वेस्ट डालने का मामला सामने आया। निगमायुक्त के निर्देश पर मौके पर ही 25,000 रुपए का चालान किया गया तथा भवन मालिक को तुरंत मलबा हटाने के निर्देश दिए गए।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी लगातार जारी रखी जाए। सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा या मलबा डालने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की जाए तथा संबंधित टीमों द्वारा नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर