home page

गुरुग्राम: जो एजेंसियां संतोषजनक काम नहीं कर रहीं उन्हें ब्लैकलिस्ट करें: राव इंद्रजीत सिंह

 | 
गुरुग्राम: जो एजेंसियां संतोषजनक काम नहीं कर रहीं उन्हें ब्लैकलिस्ट करें: राव इंद्रजीत सिंह


-गुरुग्राम में भविष्य की जरूरतों के हिसाब से जल पुनर्भरण पर विशेष ध्यान दे प्रशासन

-केंद्रीय मंत्री ने बंधवाड़ी लैंडफिल साइट के प्रभाव की जांच के निर्देश

-केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने की जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक

गुरुग्राम, 12 मई (हि.स.)। केंद्रीय सांख्यिकी, कार्यक्रम कार्यान्वयन एवं योजना राज्यमंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने गुरुग्राम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और गति दोनों पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सुविधाओं को पहुंचाना है, इसलिए सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करें। राव इंद्रजीत सिंह ने कहा कि सडक़, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। जनता से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।

वे मंगलवार को गुरुग्राम में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक ले रहे थे। लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेेंस हॉल में आयोजित इस बैठक में विभिन्न विभागों की विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तेजी से बढ़ती आबादी वाले गुरुग्राम में जल संरक्षण और जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि बरसाती तथा उपचारित पानी का पुन: उपयोग बढ़ाने के साथ-साथ भूजल रिचार्ज की दिशा में भी गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता है। केंद्रीय मंत्री ने बैठक में एंबियंस मॉल के नजदीक बरसाती नालों तथा सडक़ पर कब्जे के संदर्भ में कमेटी के माध्यम से जांच करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में नरसिंहपुर में बनाई जा रही पक्की ड्रेन की प्रगति की जानकारी भी सांझा की गई। केंद्रीय मंत्री ने शहर में सडक़ सौंदर्यीकरण और सार्वजनिक सुविधाओं की समीक्षा के दौरान सार्वजनिक शौचालयों के रखरखाव का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि जिन एजेंसियों के कारण पूर्व में रखरखाव कार्य प्रभावित हुए हैं और व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं रही हैं, उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाए। साथ ही नई एजेंसियों को चिन्हित कर कार्य में तेजी लाई जाए।

सीएंडडी वेस्ट के स्थायी समाधान के लिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

केंद्रीय मंत्री ने गुरुग्राम-फरीदाबाद मार्ग पर बढ़ रहे सीएंडडी (कंस्ट्रक्शन एंड डेमोलिशन) वेस्ट पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को इसके स्थायी समाधान के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि सी एंड डी वेस्ट के मामलों में अब तक करीब दो करोड़ रुपये के चालान किए जा चुके हैं, जिनमें से लगभग डेढ़ करोड़ रुपये की रिकवरी भी हो चुकी है। राव ने बंधवाड़ी लैंडफिल साइट पर जमा लीगेसी वेस्ट को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए अधिकारियों को आसपास के क्षेत्रों में भूजल की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने के निर्देश दिए। राव इंद्रजीत सिंह ने गुरुग्राम से गुजर रहे राष्ट्रीय राजमार्गों पर चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को परियोजनाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर