home page

गुरुग्राम: पुलिस की पिस्टल छीन भाग रहा दुष्कर्म व हत्या का आरोपी मुठभेड़ में काबू

 | 

-दिल्ली के महरौली में बच्ची से रेप करके कर दी थी उसकी हत्या

-आरोपी ने सीन रिक्रिएशन के दौरान पुलिस की पिस्टल छीनकर करी थी भागने की कोशिश

-दिल्ली के महरौली से अगवा बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या करके गुरुग्राम के जंगल में फेंका था शव

गुरुग्राम, 24 जून (हि.स.)। दिल्ली के महरौली क्षेत्र से 10 साल की बच्ची के अपहरण, दुष्कर्म और हत्या के आरोपी कैब चालक वासु ने मंगलवार की देर रात पुलिस हिरासत से भागने का प्रयास किया। यह वाकया उस समय का है, जब दिल्ली पुलिस उसे सीन रिक्रिएशन के लिए दिल्ली के मांडी गांव के बाद गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड पर जंगलों में लेकर पहुंची थी। इसी दौरान उसने एक पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर भागने का प्रयास किया।

दुष्कर्म व हत्या का आरोपी कैब चालक जब पुलिस की पिस्टल छीनकर फरार हुआ तो पुलिस ने उसे कई बार आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं रुका। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए उस पर गोली चला दी। गोली उसके पैर में लगी और वह घायल होकर गिर गया। आरोपी को तत्काल हिरासत में लेकर पुलिस दिल्ली के मदन मोहन मालवीय अस्पताल में पहुंची। पुलिस जांच में सामने आया कि मूल रूप से बिहार निवासी 25 वर्षीय वासु पेशे से कैब चालक है। वह छतरपुर क्षेत्र में किराये के मकान में रहता था। जिस बच्ची के साथ उसने दरिंदगी की, उसका परिवार भी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। आर्थिक तंगी के कारण परिवार छतरपुर की 100 फुटा रोड पर फुटपाथ पर रह रहा था। दुष्कर्म की शिकार हुई बच्च्ी गुब्बारे बेचती थी। उस पर कैब चालक की बुरी नजर पड़ी। पुलिस के अनुसार सोमवार अलसुबह करीब पांच बजे आरोपी ने फुटपाथ पर सो रही बच्ची का अपहरण कर लिया। सुबह जब परिजनों की आंख खुली तो बच्ची लापता मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे विकासपुरी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि बच्ची को सुनसान स्थान पर ले जाकर उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। पहचान उजागर होने के डर से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड के समीप जंगल में फेंक दिया। बच्ची के शव की मेडिकल जांच में भी दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक पृष्ठभूमि रही है। उसके खिलाफ बिहार में पांच से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। आरोपी की गतिविधियों और आपराधिक पृष्ठभूमि की विस्तृत पड़ताल जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर