home page

गुरुग्राम: जिला स्तरीय मेगा रोजगार मेले में 668 युवाओं को मिले ऑफर लेटर

 | 
गुरुग्राम: जिला स्तरीय मेगा रोजगार मेले में 668 युवाओं को मिले ऑफर लेटर


-सेक्टर-14 राजकीय कन्या महाविद्यालय में 65 कंपनियों ने लिए साक्षात्कार

-उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने वितरित किए ऑफर लेटर

गुरुग्राम, 26 अक्टूबर (हि.स.)। सोमवार को यहां राजकीय कन्या महाविद्यालय सेक्टर-14 में आयोजित मेगा रोजगार मेले में 65 कंपनियों ने युवाओं के साक्षात्कार लेकर उन्हें नौकरी के लिए चयनित किया। इस रोजगार मेले में 1,456 अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 980 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया गया और 668 युवाओं को हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ले ऑफर लेटर प्रदान किए गए।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। युवाओं को अपने हुनर को निखारते हुए आगे बढऩा चाहिए, ताकि वे अनुभव और कौशल के आधार पर भविष्य में अपना उद्योग या व्यवसाय स्थापित कर सकें और अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकें। वे सोमवार को राजकीय महिला महाविद्यालय, सेक्टर-14, गुरुग्राम में आयोजित जिला स्तरीय मेगा रोजगार मेले में उपस्थित युवाओं को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने चयनित युवाओं को ऑफर लेटर भी वितरित किए।

उन्होंने कहा कि दुनिया तेजी से बदल रही है और तकनीक के साथ उद्योगों की जरूरतें भी बदल रही हैं। ऐसे में युवाओं को केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अपने कौशल और व्यावहारिक ज्ञान को लगातार बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नए उद्योग स्थापित होने और निवेश बढऩे से रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। युवाओं को इन अवसरों का लाभ उठाने के लिए स्वयं को तैयार करना होगा। उन्होंने विकसित भारत के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि आर्थिक प्रगति के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण भी महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने युवाओं से सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने और गुरुग्राम को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में योगदान देने की अपील की। इस अवसर पर विधायक मुकेश शर्मा, राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गुरुग्राम के प्राचार्य रविंद्र कुमार, उप-प्राचार्य जे.पी. यादव, मंडलीय रोजगार अधिकारी रितु हुड्डा, जूनियर एपीओ सुरेश कुमार, एपीओ संतोष कुमार, एईओ ज्योति और अनुराधा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर