home page

गुरुग्राम में जलभराव के दौरान ड्यूटी में लापरवाही पर जेई निलंबित

 | 

-वार्ड-14 में जलभराव की स्थिति के दौरान फील्ड में अनुपस्थित रहने और फोन बंद मिलने पर निगमायुक्त ने की कार्रवाई

गुरुग्राम, 04 सितंबर (हि.स.)। शहर में शुक्रवार को हुई बारिश के दौरान वार्ड नंबर-14 में जलभराव की स्थिति को देखते हुए ड्यूटी में कथित लापरवाही बरतने पर नगर निगम गुरुग्राम के जूनियर इंजीनियर मनोज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

निलंबन आदेश के अनुसार जेई मनोज वार्ड-14 में तैनात किए गए थे। उन्हें जलभराव की स्थिति की निगरानी तथा आवश्यक मशीनरी, कर्मचारियों और डी-वाटरिंग व्यवस्था की समय पर तैनाती सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई थी।

निगमायुक्त प्रदीप दहिया द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि बारिश और जलभराव के दौरान जेई का मोबाइल फोन बंद मिला और उनसे कोई प्रतिक्रिया या सहायता प्राप्त नहीं हुई। साथ ही बिना पूर्व अनुमति मुख्यालय/स्टेशन छोड़ने की बात भी सामने आई। इसे आपात स्थिति में समय पर कार्रवाई प्रभावित करने वाला गंभीर मामला माना गया।

निगमायुक्त ने विभागीय कार्यवाही लंबित रहने तक मनोज को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय नगर परिषद सोहना के कार्यकारी अधिकारी का कार्यालय निर्धारित किया गया है। उन्हें वहां तत्काल रिपोर्ट करने के निर्देश दिए गए हैं।

निगमायुक्त ने स्पष्ट किया है कि आपात परिस्थितियों में ड्यूटी के प्रति लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और अधिकारियों, कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर