गुरुग्राम: चार दिन तक रही जलापूर्ति बाधित, ठेकेदार पर एक लाख जुर्माना
गुरुग्राम, 17 नवंबर (हि.स.)। नगर निगम गुरुग्राम ने पेयजल आपूर्ति में लापरवाही बरतने पर संबंधित ठेकेदार पर एक लाख रुपये जुर्माना लगाया है। वार्ड-10 की हरि नगर कालोनी में लगातार चार दिनों तक जलापूर्ति बाधित रही। इसी के चलते निगम ने यह सख्त फैसला लिया। मंगलवार को नगर निगम आयुक्त की ओर से यह जानकारी दी गई।
नगर निगम द्वारा जारी आदेश के अनुसार निगम क्षेत्र के हरि नगर खांडसा रोड के पास स्थित वार्ड-10 में चार दिनों तक लगातार पानी की आपूर्ति बाधित रही। इस कारण क्षेत्र के निवासियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। इस मामले को नगर निगम आयुक्त ने गंभीरता से लिया। मैसर्स नरेंद्र सिंह कॉन्ट्रेक्टर को नगर निगम के वार्ड नंबर 9, 10, 16 और 17 में जलापूर्ति नेटवर्क एवं बूस्टिंग स्टेशनों के संचालन और रखरखाव का कार्य सौंपा गया था। इस कार्य के लिए एजेंसी को 24 जुलाई 2026 को स्वीकृति पत्र जारी किया गया था। इसके बावजूद वार्ड-10 के हरि नगर क्षेत्र में लगातार चार दिनों तक जलापूर्ति बाधित रहना एजेंसी के कार्य प्रदर्शन और आवश्यक जनशक्ति की तैनाती को लेकर गंभीर चिंता का विषय पाया गया। आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि जलापूर्ति बाधित रहने के दौरान प्रभावित क्षेत्र में पानी के टैंकरों की व्यवस्था भी नहीं की गई।
नगर निगम ने जलापूर्ति व्यवस्था के उचित रखरखाव में हुई चूक को गंभीरता से लेते हुए संबंधित एजेंसी पर 1,00,000 रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं कि संबंधित वार्ड में जलापूर्ति व्यवस्था का उचित संचालन एवं रखरखाव सुनिश्चित किया जाए।
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि जुर्माने की राशि संबंधित एजेंसी के रनिंग बिल से वसूल की जाएगी। इस कार्रवाई से स्पष्ट संदेश दिया गया है कि नागरिकों को पेयजल जैसी आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित एजेंसियों को निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार कार्य करना होगा तथा जलापूर्ति बाधित होने की स्थिति में नागरिकों को वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराने के प्रति भी जवाबदेह रहना होगा।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

