home page

गुरुग्राम: स्वास्तिक परिवार की दुआएं लेकर विदा हुईं 16 बेटियां

 | 
गुरुग्राम: स्वास्तिक परिवार की दुआएं लेकर विदा हुईं 16 बेटियां


-स्वास्तिक फाउंडेशन ने राजपूत वाटिका में धूमधाम से किया गया इन बेटियों का सामूहिक विवाह समारोह

-समाज के अनेक गणमान्य लोगों ने बेटियों को दिया सुखमय जीवन का आशीर्वाद

गुरुग्राम, 15 मार्च (हि.स.)। स्वास्तिक फाउंडेशन की ओर से सामूहिक विवाह समारोह में 16 बेटियां स्वास्तिक परिवार का आशीर्वाद और दुआएं लेकर भावुकता भरे पलों में विदा हुईं। नशा मुक्त समाज बनाने, बेटी बचाने-बेटी पढ़ाने, बेटी शिक्षा को बढ़ावा देने की सीख स्वास्तिक फाउंडेशन परिवार की ओर से इन बेटियों को दी गई। भव्य आयोजन के बीच इनका विवाह संपन्न हुआ। इस दौरान समाज के अनेक गणमान्य लोगों ने समारोह में पहुंचकर वर-वधू को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय वैवाहिक जीवन की कामना की। साध्वी आत्मा चेतना गिरी ने कार्यक्रम में शिरकत करके आशीर्वाद दिया। कथा वाचक मोहित व्यास भी समारोह में पहुंचे। सभी अतिथियों का मंच पर सम्मान किया गया।

पिछले करीब तीन महीने से स्वास्तिक फाउंडेशन के पदाधिकारी, सदस्य इस सामूहिक विवाह समारोह की तैयारियों में जुटे थे। हर बार पहले से भव्य शादी करने की सोच के साथ इस बार और भव्यता समारोह में नजर आई। जब एक साथ 16 दूल्हों की बारात ओल्ड दिल्ली रोड से निकली तो हर कोई देखता रह गया। भव्यता से सजाए गए रथ पर बजते डीजे और ढोल पर बाराती नाचते-गाते चले। बारात में विंटेज कारों को भी शामिल किया गया। दूल्हों के परिवारजन, रिश्तेदार मस्ती में झूमते-गाते हुए बारात में चले। संस्था के संरक्षक बनवारी लाल सैनी एवं सुमेर सिंह तंवर ने कहा कि स्वास्तिक फाउंडेशन का सालाना सामूहिक विवाह समारोह का उद्देश्य यही है कि हर बेटी के हाथ पीले होने चाहिए। चाहे वह गरीब हो मध्यमवर्गीय परिवार से हो। संस्था के चेयरमैन कश्मीर सिंह एवं महासचिव राजेश सैनी के मुताबिक संस्था की ओर से वर्ष 2021 में पहला सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया था। तब से लगातार ही यह समारोह किए जा रहे हैं। विवाह में नवदंपत्तियों को गृहस्थ जीवन के लिए जरूरी सामग्री भी उपहार स्वरूप दी जाती है। संस्था के अध्यक्ष राज सैनी बिसरवाल ने बताया कि हम सब मिलकर समाज को जोडऩे की सोच के साथ काम करते हैं। कलाकारों ने बेहतरीन कार्यक्रम पेश किए। मंच पर एक साथ सभी जोड़ों की संगीत की धुनों व पुष्पवर्षा के बीच जयमाला हुई। इससे पहले मंच पर रिंग सेरेमनी भी कराई गई। सभी बेटियों को उन्होंने माता शीतला के मंदिर से लायी गयी चुन्नियां ओढ़ाकर आशीर्वाद दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर