गुरुग्राम: मारुति में महिलाओं को भी प्राथमिकता पर उस ट्रेड की कम मिल रहीं: राहुल भारती
-मानेसर स्थित मारुति सुजुकी संयंत्र में कराया गया पत्रकारों को भ्रमण
गुरुग्राम, 27 मार्च (हि.स.)। मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (एमएसआईएल) में कॉरपोरेट अफेयर्स के वरिष्ठ कार्यकारी निदेशक राहुल भारती ने कहा कि कंपनी को मांग के अनुसार प्रशिक्षित युवा नहीं मिल पा रहे हैं। कंपनी महिलाओं को नौकरी देने में भी प्राथमिकता दे रही है। कंपनी में महिलाओं की संख्या भी बढ़ाई जा रही है। आईटीआई में मैकेनिकल और इलेक्ट्रिकल जैसे पाठ्यक्रमों का महिलाएं कम ही चयन कर रही हैं। इसलिए समस्या आ रही है। यह बात उन्होंने शुक्रवार को मानेसर स्थित मारुति सुजुकी संयंत्र में पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में मारुति सुजुकी के शॉपफ्लोर पर 190 महिलाएं कार्यरत हैं। कंपनी इसी साल से स्किलिंग पर आईटीआई में काम शुरू कर रही है। हम चाहते हैं कि कंपनी को आईटीआई से ऐसे युवा मिलें, जो पूरी तरह से प्रशिक्षित हों। उन्होंने कहा कि औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में सरकार के हिसाब से बनाए हुए पाठ्यक्रम पढ़ाए जा रहे हैं। हम उनमें ज्यादा हस्तक्षेप नहीं कर सकते। फिर भी प्रयास है कि भविष्य में कंपनी की मांग के अनुसार पाठ्यक्रम में कुछ शामिल किये जाएं। मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के चीफ ह्यूमन रिसोर्सेज ऑफिसर सलिल लाल ने कहा कि हरियाणा समेत अन्य प्रदेशों में कोशिश कर रहे हंै कि प्रशिक्षित कर्मचारी कंपनी को मिलें। महिलाओं और पुरुषों को तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को इन पाठ्यक्रमों का चयन करने की आवश्यकता है, ताकि उद्योग में महिला उम्मीदवारों का एक बेहतर पूल उपलब्ध हो। मारुति सुजुकी शॉपफ्लोर सहित सभी कार्यक्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए सोच-समझकर कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि मारुति सुजुकी का लक्ष्य सिर्फ संख्या बढ़ाना नहीं है, बल्कि सभी के लिए एक समावेशी वातावरण बनाना है। मारुति सुजुकी के शॉपफ्लोर पर कार्यरत महिलाएं मारुति सुजुकी के गुरुग्राम और मानेसर फैसिलिटीज में उत्पादन, गुणवत्ता नियंत्रण, इंस्ट्रूमेंट पैनल सब-असेंबली, रियर डोर सब-असेंबली, ट्रांसमिशन असेंबली और के एंड जेड सीरीज इंजन असेंबली जैसे क्षेत्रों में काम कर रही हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कार्यस्थल पर वे अपने पुरुष सहकर्मियों के समान स्तर का ही प्रशिक्षण और कौशल विकास कार्यक्रमों में हिस्सा लेती हैं, जिससे कंपनी में उन्हें उन्नति के लिए एक बराबर अवसर मिलते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि शॉपफ्लोर पर काम करने वाले ज्यादातर पुरुष रहे हैं, इसलिए महिला कर्मचारियों की आवश्यकताओं को समझने के लिए एक विस्तृत अध्ययन किया गया था। महिला कर्मचारियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शॉपफ्लोर पर बुनियादी ढांचे में विशिष्ट बदलाव किए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

