home page

गुरुग्राम: शादी में रिसोर्ट में पार्किंग में खड़ी होंडा सिटी कार बनी आग का गोला

 | 

गुरुग्राम, 24 नवंबर (हि.स.)। सोहना रोड स्थित मारुति कुंज मोड़ के पास एक रिसोर्ट के बाहर सडक़ किनारे पार्किंग में खड़ी होंडा सिटी कार में अचानक आग लग गई। घटना 23 नवंबर की देर रात की है। कार मालिक अपने परिवार के साथ रिजोर्ट में शादी समारोह में शामिल होने गए हुए थे। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।

जानकारी के अनुसार गुरुग्राम निवासी सचिन यादव 23 नवंबर की रात अपने परिवार के साथ मारुति कुंज मोड़ स्थित एक रिजोर्ट में शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। उन्होंने अपनी होंडा सिटी कार सडक़ किनारे बनी पार्किंग में खड़ी की थी। देर रात अचानक कार से आग की लपटें उठने लगीं। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना फायर विभाग को दी। फायर विभाग को सूचना दी गई। सेक्टर-29 फायर स्टेशन से एक दमकल गाड़ी मौके पर भेजी गई। फायरकर्मियों ने पानी का छिडक़ाव कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। कार में आग लगने के सही कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर किसी तकनीकी खराबी की पुष्टि नहीं हुई है।

जिला फायर विभाग के वरिष्ठ फायर अधिकारी नरेंद्र यादव ने बताया कि पार्किंग में खड़ी कार में आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चला है। फॉरेंसिक जांच के बाद ही आग लगने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर