home page

गुरुग्राम मार्केट कमेटी सहायक सचिव 10 हजार रुपये रिश्वत लेता गिरफ्तार

 | 
गुरुग्राम मार्केट कमेटी सहायक सचिव 10 हजार रुपये रिश्वत लेता गिरफ्तार


-सब्जी मंडी में कारोबार करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप

गुरुग्राम, 03 अक्टूबर (हि.स.)। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने गुरुग्राम में बड़ी कार्रवाई करते हुए मार्केट कमेटी के सहायक सचिव सुखबीर सिंह को शनिवार को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक सब्जी विक्रेता को मंडी में सब्जियां बेचने देने के एवज में हर महीने 10,000 रुपये रिश्वत मांगने का आरोप है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि वह सब्जी बेचने का काम करता है। गुरुग्राम में मार्केट कमेटी में सहायक सचिव के पद पर तैनात सुखबीर सिंह द्वारा उसे मंडी में सब्जियां बेचने देने के बदले में हर महीने 10,000 रुपये रिश्वत की मांग की जा रही थी। इस शिकायत पर एसीबी ने रिश्वत मांगने के आरोपी मार्केट कमेटी सह-सचिव को रंगे हाथ पकडऩे की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान एसीबी की टीम ने आरोपी सुखबीर सिंह को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो गुरुग्राम की टीम द्वारा की गई। कार्रवाई के दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में हाउसिंग बोर्ड विंग हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) गुरुग्राम के एस्टेट मैनेजर आनंद मौजूद रहे। आरोपी के खिलाफ थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर