home page

गुरुग्राम: मानेसर के प्राइवेट स्कूल में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, सुरक्षित निकाले बच्चे

 | 

-फायर ब्रिगेड और स्कूल स्टाफ की सूझ-बूझ से टला बड़ा हादसा

गुरुग्राम, 12 अगस्त (हि.स.)। गांव मानेसर स्थित एक निजी स्कूल में बुधवार सुबह शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। घटना के समय स्कूल में काफी बच्चे पहुंच चुके थे और कुछ बच्चे आ रहे थे। स्कूल प्रबंधन और फायर ब्रिगेड की कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया, सभी बच्चे सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार आग की यह घटना बुधवार सुबह करीब आठ बजे एनएसजी कैंपस के पास स्थित निजी स्कूल में हुई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्कूल में बिजली के तारों में अचानक शॉर्ट सर्किट हो गया। चिंगारी तेजी से फैली और देखते ही देखते पूरे परिसर में धुआं भर गया। इससे बच्चों और स्टाफ में अफरा-तफरी मच गई। स्कूल में लगभग 500 से 600 बच्चे पढ़ते हैं। आग लगते ही स्कूल प्रबंधन ने तुरंत अलार्म बजाकर सभी बच्चों को कक्षाओं और परिसर से बाहर निकाला। शिक्षकों और स्टाफ ने सूझ-बूझ दिखाते हुए बच्चों को सुरक्षित गेट तक पहुंचाया। साथ ही फायर ब्रिगेड को तुरंत सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और बचाव कार्य शुरू किया। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इसे अन्य कक्षाओं तक फैलने से रोका। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने पूरे स्कूल परिसर का जायजा लिया। आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। स्कूल के बिजली के तारों और सुरक्षा उपकरणों की भी जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर