home page

गुरुग्राम: म्हारी सडक़ ऐप केवल शिकायत दर्ज करने का नहीं जवाबदेही का भी माध्यम

 | 
गुरुग्राम: म्हारी सडक़ ऐप केवल शिकायत दर्ज करने का नहीं जवाबदेही का भी माध्यम


-एडीसी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कही यह बात

गुरुग्राम, 22 जून (हि.स.)। म्हारी सडक़ ऐप केवल शिकायत दर्ज करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह प्रशासन की जवाबदेही और कार्यप्रणाली का भी महत्वपूर्ण संकेतक है। इसलिए सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि शिकायतों को उनकी प्रकृति के अनुसार प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध ढंग से निपटाया जाए।

यह बात सोमवार को अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) सोनू भट्ट ने जिले में सडक़ संबंधी शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान को सुनिश्चित करने के उद्देश्य सोमवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक में कही। बैठक में म्हारी सडक़ ऐप पर प्राप्त शिकायतों, उनके निस्तारण की वर्तमान स्थिति तथा लंबित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई। अतिरिक्त उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों द्वारा दर्ज की गई शिकायतों का निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा अनावश्यक रूप से लंबित मामलों पर विशेष ध्यान दिया जाए। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित प्राप्त शिकायतों, उनके निवारण की प्रगति तथा लंबित मामलों के कारणों की जानकारी एडीसी को दी।

बैठक के दौरान विभागों द्वारा सडक़ मरम्मत, स्ट्रीट लाइट, गड्ढों की भराई, जलभराव तथा यातायात से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की गई। एडीसी सोनू भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार नागरिक शिकायतों का समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि सभी विभाग यह सुनिश्चित करें कि शिकायतों को उनकी प्रकृति के अनुसार प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध ढंग से निपटाया जाए। बैठक के दौरान एडीसी ने विशेष रूप से ओवरड्यू शिकायतों पर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों से उनका कारण पूछा और शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कई शिकायतें लंबे समय से लंबित हैं, जिन पर विभागों को गंभीरता से कार्य करने की आवश्यकता है। एडीसी सोनू भट्ट ने बैठक में कहा कि मुख्यमंत्री के आदेशानुसार आगामी जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में म्हारी सडक़ ऐप से संबंधित कम से कम एक शिकायत अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर