home page

गुरुग्राम: लोन दिलाने के नाम पर 1.95 लाख की ठगी में दो काबू

 | 
गुरुग्राम: लोन दिलाने के नाम पर 1.95 लाख की ठगी में दो काबू


-दोनों आरोपियों को पुलिस ने उत्तराखंड से किया गिरफ्तार

-ठगी के लिए दोनों ने उपलब्ध कराया था बैंक खाता

गुरुग्राम, 30 अक्टूबर (हि.स.)। लोन दिलाने के नाम पर फीस वसूलकर ठगी करने वाले साइबर ठगों को बैंक खाता बेचने वाले दो आरोपियों को गुरुग्राम साइबर क्राइम पुलिस ने उत्तराखंड से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार 24 अगस्त 2026 को एक व्यक्ति ने थाना साइबर अपराध मानेसर में शिकायत दी थी कि एक व्यक्ति ने खुद को बैंक कर्मचारी बताकर उसे लोन दिलाने के लिए संपर्क किया।

आरोपी ने लोन प्रोसेसिंग, फाइल चार्ज और अन्य शुल्कों के नाम पर पीडि़त से कुल 1,95,662 रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए और बाद में फोन बंद कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों की ट्रेल खंगाली तो पता चला कि ठगी की रकम एक ऐसे खाते में गई है जो साइबर ठगों को बेचा गया था। इस पर कार्रवाई करते हुए थाना साइबर अपराध मानेसर की टीम ने 29 अक्टूबर को उत्तराखंड के हरिद्वार से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान शिवम और अनमोल दोनों निवासी हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि जिस खाते में 1,95,662 रुपये की ठगी की रकम ट्रांसफर हुई थी, वह आरोपी अनमोल के नाम पर था। अनमोल ने अपना बैंक खाता अपने साथी शिवम को बेच दिया था। शिवम ने आगे वह खाता साइबर ठग गिरोह को उपलब्ध करा दिया, जिसका इस्तेमाल लोन के नाम पर ठगी की रकम लेने के लिए किया गया। पुलिस अब इन खातों को खरीदने वाले मुख्य साइबर ठगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। दोनों आरोपियों से यह पूछताछ जारी है कि उन्होंने और कितने खाते साइबर अपराधियों को बेचे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर