home page

गुरुग्राम: खेल स्पर्धाओं में नन्हें खिलाडिय़ों का दिखा जलवा

 | 
गुरुग्राम: खेल स्पर्धाओं में नन्हें खिलाडिय़ों का दिखा जलवा


-सेक्टर-10ए मेें नर्सरी से दूसरी कक्षा के विद्यार्थियों की खेल प्रतियोगिता संपन्न

गुरुग्राम, 31 अक्टूबर (हि.स.)। लायंस पब्लिक स्कूल सेक्टर-10ए में कक्षा नर्सरी से दूसरी तक के विद्यार्थियों के लिए वार्षिक खेल समारोह आयोजित किया गया। समारोह का शुभारंभ मशाल प्रज्वलन एवं मशाल हस्तांतरण समारोह से किया गया। मशाल की ज्योति ने आशा, एकता, निरंतर प्रयास और उज्ज्वल भविष्य का संदेश दिया। मशाल का हस्तांतरण खेल भावना और प्रेरणा की लौ को आगे बढ़ाने का प्रतीक बना।

इस अवसर पर विद्यालय के चेयरमैन डी.वी. तनेजा, मुख्य अतिथि लायन सतीश सिंगला, लायन ए.सी. गोयल, प्रेजाइडिंग ऑफिसर लायन भीम वासुदेव, गणमान्य अतिथि अशोक सोमल, प्रबंधक राजीव कुमार, प्रधानाचार्या दीपिंदर कौर, उप-प्रधानाचार्या मोनिका लाकरा तथा कोऑर्डिनेटर्स की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह की शोभा बढ़ाई। विद्यालय के चेयरमैन लायन डी.वी. तनेजा ने बच्चों को खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और निरंतर प्रयास का महत्व समझाया और आशीर्वाद दिया। उप-प्रधानाचार्या मोनिका लाकरा ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व, सहयोग और चुनौतियों का सामना करने की क्षमता विकसित करने का सशक्त साधन हैं। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न आकर्षक प्रस्तुतियों से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

लयबद्ध गतिविधियों और सामूहिक समन्वय ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्टिक व बॉल ड्रिल में बच्चों ने तालमेल, संतुलन और एकाग्रता का उत्कृष्ट परिचय दिया।

योग प्रस्तुति ने शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का संदेश दिया, वहीं एक्रोबैटिक्स की रोमांचक प्रस्तुति ने विद्यार्थियों की फूर्ति, साहस और कठिन अभ्यास के प्रति समर्पण को दर्शाया। हर प्रस्तुति पर दर्शकों ने तालियों से बच्चों का उत्साहवर्धन किया। समारोह का समापन गोल्डन स्टार्स ऑफ एशियन गेम्स की शानदार प्रस्तुति के साथ हुआ। इस विशेष प्रस्तुति में नन्हे विद्यार्थियों ने एशियाई खेलों में भारत का गौरव बढ़ाने वाले स्वर्ण पदक विजेताओं की उपलब्धियों को उत्साहपूर्वक प्रस्तुत कर देशभक्ति, दृढ़ संकल्प और मेहनत का संदेश दिया। यह दो दिवसीय वार्षिक खेल समारोह ऊर्जा, अनुशासन और साहस का यादगार उत्सव बन गया, जिसने बच्चों में खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली की अमिट छाप छोड़ी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर