home page

गुरुग्राम में स्कूल की चौथी मंजिल से गिरकर मजदूर की मौत

 | 

गुरुग्राम, 27 जुलाई (हि.स.)। सेक्टर-5 थाना क्षेत्र में एक निजी स्कूल की निर्माणाधीन इमारत में काम कर रहे मजदूर की चौथी मंजिल से गिरने से मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने ठेकेदार पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए पुलिस कार्रवाई की मांग की और शव लेने से इनकार कर दिया।

जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी 20 वर्षीय कमलेश गुरुग्राम में एक निजी स्कूल की इमारत की चौथी मंजिल पर मजदूर के रूप में कार्य कर रहा था। सोमवार को काम के दौरान वह अचानक नीचे गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। साथी मजदूरों द्वारा उसे तत्काल ओल्ड रेलवे रोड स्थित सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।कमलेश की मौत की खबर मिलते ही उसके परिजन गुरुग्राम पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि निर्माण स्थल पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और ठेकेदार की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने मामले में ठेकेदार के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।मृतक के परिजनों ने बताया कि कमलेश की शादी करीब डेढ़ वर्ष पहले हुई थी और उसकी छह माह की एक बेटी है।

पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई नहीं किए जाने से नाराज परिजनों ने शव लेने से इनकार कर दिया और सोमवार रात करीब आठ बजे तक अस्पताल परिसर में हंगामा करते रहे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है तथा शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर