गुरुग्राम आईटीआई में पीएम इंटर्नशिप योजना पर जागरुकता कार्यशाला
-छात्र-छात्राओं को मिले जॉब के अवसर
गुरुग्राम, 11 नवंबर (हि.स.)। कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग, हरियाणा के अंतर्गत राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना (पीएमआईएस) पर एक दिवसीय जागरुकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विभिन्न विभागों, विश्वविद्यालयों, उद्योगों और संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यशाला का शुभारंभ संस्थान के प्रधानाचार्य रविन्द्र कुमार ने सभी अतिथियों और प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना युवाओं को उद्योगों से जोडऩे और उन्हें रोजगार के लिए तैयार करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इस योजना का उद्देश्य युवाओं को केवल किताबी ज्ञान तक सीमित न रखकर उन्हें व्यावहारिक प्रशिक्षण देना है, ताकि वे नौकरी के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें। कार्यशाला में प्रधानाचार्य ने विभिन्न विश्वविद्यालयों के असिस्टेंट प्रोफेसर, सहायक रोजगार अधिकारी, आईटीआई के स्टाफ मेम्बर और उद्योग संगठन प्रतिनिधियों को योजना की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत युवाओं को देश की प्रतिष्ठित कंपनियों में छह से नौ माह की पेड इंटर्नशिप का अवसर मिलेगा। इसके लिए आयु सीमा 18 से 25 वर्ष निर्धारित की गई है। आवेदक के परिवार की वार्षिक आय अधिकतम 12 लाख रुपये होनी चाहिए। प्रधानाचार्य ने ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों और योजना के तहत मिलने वाले विभिन्न लाभों के बारे में भी विस्तार से मार्गदर्शन दिया।
उन्होंने कहा कि पंजीकरण प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन और सरल है, जिससे युवा घर बैठे ही आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अक्सर जानकारी के अभाव में पात्र युवा भी सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं उठा पाते, इसलिए जागरुकता सबसे जरूरी है। कार्यशाला के साथ ही संस्थान परिसर में रोजगार मेले का भी आयोजन किया गया। मेले में एचबीएसएस ई-मोबिलिटी और बी ऑटोमेशन प्राइवेट लिमिटेड ने पास आउट पासआउट छात्र-छात्राओं को जॉब और अप्रेंटिसशिप के अवसर प्रदान किए। छात्र-छात्राओं ने कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया, नौकरी की शर्तों, वेतन, कार्य की प्रकृति और भविष्य की संभावनाओं के बारे में जानकारी ली। कई छात्रों ने मौके पर ही साक्षात्कार दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

