home page

गुरुग्राम: इटली की महिला को शादी का झांसा देकर ठगी करने का आरोपी दबोचा

 | 
गुरुग्राम: इटली की महिला को शादी का झांसा देकर ठगी करने का आरोपी दबोचा


-महिला से की थी 98 हजार रुपये (900 यूरो) की ठगी

गुरुग्राम, 02 अक्टूबर (हि.स.)। इटली मूल की महिला से इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर शादी झांसा दिया और एआई वीडियो बनाने के नाम पर 900 यूरो (करीब 98 हजार रुपये) ठगी कर ली गई। ठगी के आरोपी को साइबर क्राइम पश्चिम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन बरामद हुआ है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अखिल (36) निवासी आजमगढ़ उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वर्तमान में वह गुरुग्राम के सेक्टर-17 सुखराली में रहता है।

सहायक पुलिस आयुक्त साइबर नवीन शर्मा ने गुरुवार को प्रेस कांफ्रेेंस करके बताया कि पीडि़ता ने जुलाई 2026 में इंस्टाग्राम के जरिए सहायक पुलिस आयुक्त साइबर क्राइम गौरव फोगाट से संपर्क कर शिकायत दी थी। 28 सितंबर को वह इटली से गुरुग्राम आकर लिखित शिकायत दी। उसने बताया कि उसकी जान-पहचान अखिल मौर्या नामक व्यक्ति से हुई थी। अखिल ने खुद को एआई फिल्म क्रिएटर बताया, दोस्ती की और शादी का झांसा दिया। एआई वीडियो बनाने के काम के लिए पैसों की जरूरत बताकर उसने वेस्टर्न यूनियन के जरिए चार अगस्त 2026 को 450 यूरो और 10 सितंबर को 450 यूरो, कुल 900 यूरो ट्रांसफर करा लिए। इसके बाद संपर्क तोड़ दिया। इस शिकायत पर साइबर थाना पश्चिम में केस दर्ज किया गया।

पुलिस टीम ने एक अक्तूबर को सेक्टर-17 से अखिल को काबू किया। पूछताछ में पता चला कि वह एक प्राइवेट कंपनी में टेक्निकल सपोर्ट का काम करता था, जुलाई 2025 में नौकरी छूटने के बाद बेरोजगार था। रुपयों के लालच में उसने इटली की महिला से संपर्क कर ठगी की। आरोपी ने ठगी की रकम वेस्टर्न यूनियन से मंगवाकर गुरुग्राम में मुत्थुट फाइनेंस के जरिए अपने बैंक खाते में ट्रांसफर करवाई। बैंक चार्ज कटने के बाद उसके खाते में 67,297 रुपये आए। पुलिस ने आरोपी से मोबाइल बरामद कर लिया है। अपने साथ हुए फ्रॉड पर इटली से गुरुग्राम पहुंची पीडि़ता ने गुरुग्राम पुलिस की तत्परता, संवेदनशीलता की सराहना करते हुए धन्यवाद किया।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर