home page

गुरुग्राम में स्वतंत्रता दिवस पर डिप्टी स्पीकर करेंगे ध्वजारोहण

 | 

-जिला स्तरीय समारोह में भव्य परेड, देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगें

गुरुग्राम, 14 अगस्त (हि.स.)। जिला में स्वतंत्रता दिवस का पर्व शनिवार को पूरे उत्साह, उमंग और गरिमामयी वातावरण में मनाया जाएगा। जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह सेक्टर-38 स्थित ताऊ देवीलाल स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जहां हरियाणा विधानसभा के डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। समारोह को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।

जिला स्तर के साथ-साथ उपमंडल स्तर पर भी स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किए जाएंगे। पटौदी में विधायक बिमला चौधरी, मानेसर में विधायक मुकेश शर्मा, सोहना में विधायक तेजपाल तंवर तथा बादशाहपुर में फरीदाबाद एनआईटी के विधायक सतीश फागना राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। संबंधित उपमंडल प्रशासन द्वारा भी समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि जिला स्तरीय समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. कृष्ण लाल मिड्ढा सबसे पहले सिविल लाइंस स्थित युद्ध स्मारक पहुंचकर देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों तथा देश की सीमाओं की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर जवानों को पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि देंगे। इसके उपरांत वे ताऊ देवीलाल स्टेडियम पहुंचकर राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और भव्य परेड की सलामी लेंगे।

मुख्य समारोह में डिप्टी स्पीकर परेड में शामिल विभिन्न टुकडिय़ों का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश देंगे। समारोह में मार्च पास्ट के साथ मास पीटी, डंबल शो और लेजियम शो की शानदार प्रस्तुतियां होंगी। इसके पश्चात विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे, जिनमें राष्ट्रप्रेम, वीरता और देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर