गुरुग्राम अपराध शाखा ने मध्य प्रदेश में पकड़ी अवैध हथियार बनाने की फैक्ट्री
-हथियार खरीदने वाले, दलाल और फैक्ट्री चलाने वाले सहित पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया
गुरुग्राम, 13 जून (हि.स.)। गुरुग्राम क्राइम ब्रांच सेक्टर-31 ने अंतर्राज्यीय अवैध हथियार सप्लाई नेटवर्क का भंडाफोड़ कर मध्य प्रदेश से हथियार बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है। कार्रवाई में हथियार खरीदने वाले, दलाल और फैक्ट्री चलाने वाले सहित पूरे नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शनिवार को बताया कि यह मामला 29 मई 2026 का है।
क्राइम ब्रांच सेक्टर-31 की टीम ने सेक्टर-15 के 32 माइलस्टोन सर्विस रोड के पास से योगेश उर्फ हर्ष को तीन अवैध देशी पिस्टल के साथ गिरफ्तार किया था। आरोपी मूल रूप से इटावा उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। वह गुरुग्राम के गांव गढ़ाईपुर में रह रहा था। उसके खिलाफ थाना सिविल लाइन में आम्र्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया था। पूछताछ में योगेश ने बताया कि उसे हथियार जसबीर नामक व्यक्ति ने उपलब्ध कराए थे। इसके बाद पुलिस ने नौ जून 2026 को जसबीर निवासी जिला मैनपुरी उत्तर प्रदेश और हथियार बनाने वाले जगत सिंह निवासी जिला धार मध्य प्रदेश को धार से गिरफ्तार किया।
30 साल से हथियार बना रहा था जगत सिंह
दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। जसबीर को न्यायिक हिरासत में भेजा गया, जबकि जगत सिंह को चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान जगत सिंह ने खुलासा किया कि बरामद पिस्टल उसने खुद बनाई थीं और जसबीर को 60 हजार रुपये में बेची थीं। आरोपी ने बताया कि वह पिछले 30 साल से अवैध हथियार बनाने के धंधे में है। उसकी फैक्ट्री जिला धार के गांव सिंघाना की पहाडिय़ों में बने एक कमरे में चल रही थी। जगत सिंह की निशानदेही पर पुलिस ने फैक्ट्री से तीन अवैध पिस्टल, एक मैगजीन और हथियार बनाने के उपकरण व पुर्जे बरामद किए।
आरोपी ने बताया कि वह तैयार पिस्टल और कट्टे 15-20 हजार रुपये प्रति हथियार के हिसाब से बेचता था और इन्हें राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और दिल्ली जैसे राज्यों में सप्लाई करता था। पुलिस के अनुसार आरोपी जगत सिंह के खिलाफ राजस्थान, गुजरात, हरियाणा और दिल्ली में अवैध हथियार रखने और सप्लाई करने के 13 से ज्यादा केस पहले से दर्ज हैं। गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि इस कार्रवाई से हथियार खरीदने वाले, मध्यस्थता करने वाले दलाल और फैक्ट्री चलाने वाले सभी की गिरफ्तारी हो गई है, जिससे पूरा नेटवर्क ध्वस्त हो गया है। मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

