गुरुग्राम: बुजुर्ग ह्दयरोगी ने रिहायशी क्षेत्र में गैर-कानूनी पिकलबॉल कोर्ट के खिलाफ अपील
-सेक्टर-52 में बनाया गया है गैर-कानूनी पिकलबॉल कोर्ट
गुरुग्राम, 07 मई (हि.स.)। यहां एक बुजुर्ग ह्दयरोगी महिला ने अपने घर के पास गैर-कानूनी रूप से बने पिकलबॉल कोर्ट के खिलाफ अपील की है। उन्होंने कहा कि इस खेल से ध्वनि प्रदूषण बढ़ रहा है। यहां अव्यवस्थित पार्किंग है और देर रात तक गतिविधियां होती हैं।
77 साल की बुुजुर्ग महिला ने एक वीडियो संदेश में कहा कि सेक्टर-52 रिहायशी क्षेत्र में पिकलबॉल कोर्ट देर रात तक चलता है। इससे यहां शोर-शराबा रहता है। निजी जीवन प्रभावित होता है।
उन्होंने कहा कि पैडल से बॉल टकराने की लगातार तेज आवाजें आती हैं। इससे सीनियर सिटीजंस व मरीजों का जीवन प्रभावित हुआ है। बुजुर्ग महिला के साथ अन्य लोगों ने भी आरोप लगाया कि गुरुग्राम के रेजिडेंशियल सेक्टर्स में ऐसे कई पिकलबॉल कोर्ट तेजी से बन रहे हैं, जो अक्सर बदले हुए प्लॉट, क्लब या प्राइवेट जगहों के अंदर होते हैं। यह खेल कॉर्पोरेट प्रोफेशनल्स और अमीर शहरी ग्रुप्स के बीच तेजी से पॉपुलर हुआ है। इस खेल को खेलने आने वालों की बड़ी संख्या में गाडिय़ां यहां तंग सडक़ों पर जाम का भी कारण बनती हैं। सीनियर सिटिजंस ने कई बार कहा है कि अधिक शोर-शराबे के कारण एंग्जायटी, हाइपरटेंशन और दिल की बीमारियां बढ़ सकती हैं। रिहायशी क्षेत्र में नियमों को सख्ती से लागू करने, स्पोट्र्स जगहों के लिए तय ऑपरेशनल टाइमिंग और हाउसिंग कॉलोनियों के अंदर कथित तौर पर बिना इजाजत वाली कमर्शियल एक्टिविटी के खिलाफ कार्रवाई की मांग लोगों ने की है।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

