गुरुग्राम में अवैध पटाखों की बिक्री पर 41 से अधिक एफआईआर दर्ज
-ग्रीन पटाखों की श्रेणी से बाहर के पटाखे बेच रहे थे आरोपी
-जिला प्रशासन की टीमों ने कई क्विंटल पटाखे जब्त किए
-वर्क फ्रॉम होम के नियमों का उल्लंघन करने वालों को भी जारी किए गए नोटिस
गुरुग्राम, 06 नवंबर (हि.स.)। अवैध पटाखों की बिक्री पर रोक लगाने और वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से बीते दो दिनों में सख्त कार्रवाई की गई। शुक्रवार को भी जिले के सभी एसडीएम ने बीते दो दिनों में अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाते हुए ग्रीन पटाखों की निर्धारित श्रेणी से बाहर के पटाखों की बिक्री करने वालों तथा निर्धारित स्थानों के अलावा अन्य जगहों पर पटाखे बेचने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है।
इस अभियान के तहत अब तक 41 से अधिक एफआईआर दर्ज की जा चुकी हैं तथा कई क्विंटल पटाखे जब्त किए गए हैं।
बादशाहपुर, पटौदी रोड क्षेत्र, मानेसर, फर्रुखनगर और सोहना सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रशासनिक टीमों ने निरीक्षण कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की है। उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि जिले में पटाखों की अवैध बिक्री और प्रतिबंधित श्रेणी के पटाखों के भंडारण एवं उपयोग को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिला के सभी एसडीएम को निर्देश दिए गए थे कि अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखें और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के दिशा-निर्देशों की अनुपालना सुनिश्चित करने के लिए भी जिला प्रशासन द्वारा निगरानी की जा रही है। आदेशों के तहत वर्क फ्रॉम होम के निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों एवं संबंधित इकाइयों को नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन द्वारा संबंधित निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। एडीसी सोनू भट्ट ने बताया कि अवैध पटाखों की बिक्री, भंडारण या नियमों का उल्लंघन होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें। इसके लिए नागरिक निम्नलिखित नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं, डायल 112 और जिला प्रशासन के कंट्रोल रूम 92897 90948 पर तुरंत सूचना दे। साथ ही शिकायत दर्ज करवाते समय संबंधित स्थान का सही पता, वहां क्या गतिविधि हो रही है तथा संभव हो तो फोटो या वीडियो भी सांझा करें, ताकि प्रशासनिक टीम त्वरित कार्रवाई कर सके।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

