home page

गुरुग्राम में गैस की कालाबाजारी पर छापेमारी, 32 सिलेंडर जब्त

 | 
गुरुग्राम में गैस की कालाबाजारी पर छापेमारी, 32 सिलेंडर जब्त


खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की रेड, आरोपी हिरासत में

गुरुग्राम, 24 मार्च (हि.स.)। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की टीम ने सेक्टर-12 स्थित निजी अस्पताल के सामने ओपन पार्किंग में छापेमारी कर 32 गैस सिलेंडर जब्त किए। विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि उक्त स्थान पर घरेलू गैस सिलेंडरों की अवैध रूप से कालाबाजारी की जा रही है। सूचना मिलते ही एएफएसओ सुनील कुमार, निरीक्षक जितेंद्र कुमार और जोगेंद्र की संयुक्त टीम का गठन किया गया, जिसने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

जिला खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग डॉ अशोक रावत ने मंगलवार को बताया कि छापेमारी के दौरान टीम ने 31 भरे हुए घरेलू सिलेंडर, एक खाली सिलेंडर, दो पांच किलो के खाली सिलेंडर तथा एक दस किलो का भरा हुआ सिलेंडर बरामद किया। टीम ने मौके पर पाया कि यहां भरे बड़े सिलेंडर से छोटे सिलेंडर में गैस भरी जा रही थी। सभी सिलेंडरों को मौके से जब्त कर लिया गया। इस मामले में आरोपी निरंजन, निवासी लक्ष्मण विहार, को मौके से हिरासत में लिया गया है। संबंधित पुलिस थाना द्वारा आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

डॉ. अशोक रावत ने कहा कि आवश्यक वस्तुओं, विशेषकर घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की अवैध गतिविधियां न केवल कानून का उल्लंघन हैं, बल्कि आम नागरिकों के अधिकारों का भी हनन करती हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ऐसे मामलों को लेकर पूरी तरह सतर्क है और लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी स्तर पर कालाबाजारी को पनपने का अवसर न मिले।

जिले में गैस की आपूर्ति और वितरण की दैनिक मॉनिटरिंग

विभाग के सप्लाई ब्रांच के इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि जिले में गैस की आपूर्ति और वितरण की स्थिति पर प्रतिदिन नजर रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की कमी या बाधा उत्पन्न न हो। उन्होंने जानकारी दी कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की औसत दैनिक खपत लगभग 13,311 है, जबकि वर्तमान में 15,359 सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले में गैस की सप्लाई पूरी तरह सुचारू और निर्बाध रूप से जारी है तथा उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध कराने के लिए विभाग सतत रूप से प्रयासरत है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर