दिल्ली से गुरुग्राम में अवैध कचरा लाने वाले 10 गिरफ्तार, सात वाहन जब्त
गुरुग्राम, 04 अक्टूबर (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने दिल्ली से अवैध रूप से कूड़ा-कचरा और प्लास्टिक कचरा गुरुग्राम में लाकर डंप करने वाले नेटवर्क पर रविवार को बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने चार केस दर्ज कर 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सात वाहन बरामद किए हैं।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर थाना बजघेड़ा में दो, उद्योग विहार में एक और राजेंद्रा पार्क में एक सहित कुल चार केस दर्ज किए हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपी दिल्ली से कैंटर, ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे वाहनों में कचरा भरकर गुरुग्राम लाते थे। यहां कचरे से प्लास्टिक अलग कर सेग्रीगेशन की जाती थी और फिर उसे अन्य जगहों पर भेजा जाता था। पुलिस ने नाकाबंदी और चेकिंग के दौरान इन वाहनों को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली से जुड़े एक नेटवर्क के लिए काम करते हैं। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
पुलिस का कहना है कि बरामद वाहनों के मालिकों की भी जांच की जा रही है। अगर किसी मालिक की संलिप्तता मिलती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी।
गुरुग्राम पुलिस ने कहा कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली ऐसी अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

