home page

गुरुग्राम: नौकरियों के नाम पर भाजपा सरकार ने युवाओं को दिया धोखा: पंकज डावर

 | 
गुरुग्राम: नौकरियों के नाम पर भाजपा सरकार ने युवाओं को दिया धोखा: पंकज डावर


-सीएम ने भरी सभा में खुद ही एचकेआरएन में नौकरियों की पोल खोली

-विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा के सवाल पर घिरी भाजपा सरकार

-भाजपा सरकार ने प्रदेश के युवाओं को नौकरी के सपने दिखाकर ठगा

गुरुग्राम, 04 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) के तहत नौकरियों के नाम पर भाजपा सरकार ने युवाओं को धोखा दिया है। इन नौकरियों को लेकर जब नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री चौ. भूपेंद्र ङ्क्षसह हुड्डा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से सवाल पूछा, लीगल स्टेट्स मांगा तो सरकार घिर गई। सरकार बैकफुट पर आ गई।

पंकज डावर ने शुक्रवार को जारी बयान में कहा कि नेता प्रतिपक्ष के सवाल के जवाब में प्रदेश की विधानसभा में मुख्यमंत्री ने कहा-यह बिल्कुल ठीक है कि यह कोई जॉब नहीं है। यह वैकल्पिक व्यवस्था है। एचकेआरएन का इतना ही मतलब है। मुख्यमंत्री के इस दो लाइन के जवाब से हरियाणा के उन करोड़ों युवाओं के सपने चकनाचूर हो गए जो एचकेआरएन के तहत खुद को नौकरी मिली माने बैठे थे। मुख्यमंत्री बड़ी शान से कह रहे हैं कि यह सरकारी जॉब नहीं है। विधानसभा चुनाव से पहले इस बात को प्रचारित किया गया कि एचकेआरएन में युवाओं को पक्की नौकरी दी गई है। चुनाव होने के बाद कहा गया कि 1.25 लाख युवाओं को पक्का कर दिया है। पंकज डावर ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने सरकार के झूठ और फरेब का पर्दाफाश करने का काम किया है। उन्होंने कहा है कि जो युवा एचकेआरएन के तहत लगाए गए हैं, उनको पक्का, रेगुलर किया जाए। आगे रेगुलर भर्तियां निकाली जाएं।

पंकज डावर ने कहा कि इससे शर्म की बात किसी राज्य में क्या होगी कि सिर्फ वाट्सऐप मैसेज से युवाओं का रोजगार छीना जा रहा है। नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश ही नहीं बल्कि देश की जनता के समक्ष इस बात का खुलासा किया है कि युवाओं को वाट्सऐप मैसेज भेजकर कहा जा रहा है कि उनका रोजगार खत्म। यानी मोबाइल पर एक मैसेज आया और युवा बेरोजगार हो गए। पंकज डावर ने भाजपा सरकार से सवाल किया कि गारंटियों के नाम पर वाहवाही लूटने वाली सरकार में क्या यही जॉब गारंटी है। झटके में युवाओं को सडक़ पर लाकर खड़ा कर दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर