गुरुग्राम: हीरो होंडा चौक फ्लाईओवर का फिर से गिरा लेंटर भ्रष्टाचार का सुबूत: पंकज डावर
-जयपुर से दिल्ली की तरफ की लेन से गिरा है मलबा
-करीब दो साल पहले थोड़ा गड्ढा बना था, अब नजर आने लगा सरियों का जाल
-लापरवाही और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रहा है हीरो होंडा फ्लाईओवर
गुरुग्राम, 25 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-48 (एनएच-48) पर हीरो होंडा चौक फ्लाईओवर से बार-बार लेंटर गिरने की घटनाओं को लेकर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बीजेपी सरकार में भ्रष्टाचार और लापरवाही का सबसे बड़ा सुबूत हीरो होंडा चौक फ्लाईओवर है। अब एक बार फिर से इस लेन से लेंटर नीचे गिर चुका है और सरियों के बीच से आर-पार नजर आ रहा है।
पंकज डावर ने रविवार को कहा कि करीब दो साल से जयपुर से दिल्ली की तरफ की फ्लाईओवर की एक लेन बंद पड़ी है। न तो एनएचएआई इस पर कोई ध्यान दे रहा है, न प्रशासन और न ही भाजपा के गुडग़ांव के सांसद एवं केंद्रीय मंत्री। पंकज डावर ने कहा कि यह फ्लाईओवर केंद्रीय मंत्री और गुडग़ांव के सांसद का ड्रीम प्रोजेक्ट था। पंकज डावर ने फ्लाईओवर के क्षतिग्रस्त होने का पूरा रिकॉर्ड गिनाया। उन्होंने कहा कि इसका उद्घाटन वर्ष 2017 में हुआ था। पहली बार अप्रैल 2018 में यानि उद्घाटन के एक साल के भीतर ही फ्लाईओवर की सडक़ का बड़ा हिस्सा उखडक़र नीचे गिर गया था। दूसरी बार मई 2019 में इसी हिस्से में दोबारा कंक्रीट गिरने से बड़ा सुराख बन गया। इसके बाद सरकार को आईआईटी बॉम्बे की टीम से ऑडिट कराया गया। तीसरी बार मई 2024 में एक्सप्रेसवे की जयपुर-दिल्ली लेन पर करीब 20 मीटर का हिस्सा नीचे की तरफ धंस गया, जिससे सरिये बाहर आ गए थे। चौथी बार जनवरी 2025 धंसे हुए हिस्से की हालत और खराब हो गई और वहां बड़ा गड्ढा बन गया। पांचवी बार 2025 में जयपुर से दिल्ली की तरफ के हिस्से में सडक़ क्षतिग्रस्त हुई थी, जो आज तक वैसी ही है। पिछले दो साल से जयपुर से दिल्ली की तरफ जाने वाली लेन का राइट साइड पूरी तरह बंद है। वहां कई जगह गड्ढे बन गए हैं। दो साल में कोई मरम्मत नहीं हुई, उल्टा और गड्ढे हो गए हैं।
पंकज डावर ने चेतावनी दी कि अगर अभी सुधार नहीं हुआ तो आने वाली सर्दियों में धुंध के दौरान यहां बड़े हादसे हो सकते हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कहां है प्रशासन और एनएचएआई की सडक़ सुरक्षा समिति। यह समिति क्या कर रही है। क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है। पंकज डावर ने कहा कि 2018 में बने फ्लाईओवर में अगर 6 साल में 5 बार गड्ढे और सुराख बन रहे हैं तो इसकी निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठना लाजमी है। आईआईटी बॉम्बे की ऑडिट रिपोर्ट के बाद भी सुधार क्यों नहीं हुआ, इसकी जवाबदेही तय होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि तुरंत फ्लाईओवर की मरम्मत कराई जाए। दोषियों पर कार्रवाई हो।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

